ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: हरियाणा विधानसभा सत्र के दूसरे दिन की शुरुआत राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य के अभिभाषण से हुई, जिस पर सभी नेताओं ने चर्चा की। वहीं, आखिर में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने राज्यपाल के अभिभाषण पर जवाब देते हुए कहा कि 14वीं विधानसभा का पहला सत्र है, जिसमें कई नए सदस्य भी हैं, जिन्होंने अपने हल्के की भी समस्याओं को रखा। सीएम ने कहा कि वे सबको विश्वास दिलाते हैं कि, जो भी समस्याएं और कमियां हैं, उन्हें पूरा किया जाएगा।
सीएम मनोहर लाल ने कहा कि 1966 से लेकर अब तक कई चीजें तुलना के लिए भी मिल सकती हैं और अच्छी चीजें भी मिल सकती है । सभी मुख्यमंत्रियों ने अपने कार्यकाल में प्रदेश को आगे बढ़ाने के लिए कुछ न कुछ किया है । सीएम ने कहा किसानों से सम्बंधित कई ऐसी चीज़ें कही गई है । कृषि को जितना बेहतर कर लेंगे उतना प्रदेश के लिए लाभदायक होगा ।
उन्होंने बताया कि 2022 तक सभी किसानों की आय दुगना करेंगे और किसान को कोई कठिनाई नहीं आने देंगे। सीएम ने कहा कि आसपास के प्रान्तों के मुकाबले हमारा फसल खरीद सिस्टम अच्छा है, इसका हमको गर्व भी है । सीएम ने कहा कि इस बार चुनाव में ध्यान रखना कठिन था। उन्होंने कहा कि फसल को बेचने को लेकर दूसरे राज्यों से भी आगमन बढ़ा है।
इस दौरान सीएम मनोहर लाल ने कहा कि पहले अपने किसानों की फसल की खरीद करेंगे। सीएम ने कहा फसल खरीद को लेकर कुछ जिले हैं, जिनमें कुरुक्षेत्र, करनाल, अम्बाला,यमुनानगर में कठिनाई आ रही है।


