ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: हरियाणा में विधानसभा चुनाव की तारीख का ऐलान हो गया है। राज्य में एक ही चरण में 21 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग की जाएगी, तो वहीं 24 अक्टूबर को इनके नतीजे में घोषित कर दिए जाएंगे। चुनाव संबंधी अधिसूचना 27 सितंबर को जारी होगी, जिसके बाद नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी और नामांकन की आखिरी तारीख 4 अक्टूबर बताई गई है। इस बार हरियाणा के विधानसभा चुनाव में क्या है खास और किस तरीके से सभी पार्टियां जुटी है तैयारियों में-

हरियाणा विधानसभा चुनाव के समीकरण-
बीजेपी कर रही है 75 पार का दावा-
हरियाणा में चुनाव को लेकर सभी पार्टियां कमर कस मेहनत करने में जुटी हैं। सभी पार्टियों के बीच कड़ा मुकाबला है। बीजेपी ने 75 पार का नारा दिया है और साफ तौर पर ये ऐलान किया है कि वो 75 से अधिक सीटों पर अपना कब्जा जमाएगी। बता दें कि हरियाणा में लोकसभा की सभी 10 की 10 सीटें बीजेपी ने अपने नाम की थी। लोकसभा के बाद से ही बीजेपी लगातार प्रदेश में सक्रिय है और एक के बाद चुनाव अभियान भी चलाए गए थे। सीएम मनोहर लाल खट्टर अपने रथ को लेकर 18 अगस्त को प्रदेश के भ्रमण पर निकले थे। कालका से जन आशीर्वाद यात्रा की शुरुआत कर सीएम मनोहर लाल ने जनता का आशीर्वाद लिया, ताकि विधानसभा चुनाव में एक बार फिर वो अपनी सरकार बना सकें। दूसरी पार्टियों से कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा ज्वाइन की, एक ही सीट पर कई दावेदार खड़े हैं, दूसरी पार्टियों के नेता जो भाजपा में शामिल हुए हैं, वो भी टिकट की उम्मीद कर रहे हैं और ऐसे में सीटों की दावेदारी बहुत अधिक बढ़ गई है। वहीं, सीएम मनोहर लाल खट्टर ने ये भी साफ कहा था कि कुछ मौजूदा विधायकों की टिकट कटना तय है। लेकिन मौजूदा भाजपा की परिस्थिति ये है कि अब भाजपा में टिकट को लेकर मारमारी चल रही है। हालांकि हरियाणा में बीजेपी सबसे मजबूत पार्टी के तौर पर नजर आ रही है।
कांग्रेस की गुटबाजी नहीं हो रही खत्म, पर हुड्डा ने जगाई आशा-
हरियाणा में कांग्रेस बीजेपी के बाद दूसरी राष्ट्रीय और बड़ी पार्टी है। कांग्रेस में हाल ही में बदलाव भी किए गए। पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा को सीएलपी लीडर बनाया गया, तो वहीं, कुमारी शैलजा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बनी है। हालांकि कांग्रेस में हुड्डा को बड़ा पद मिलने के बाद राज्य में कांग्रेस की सक्रियता बढ़ी है और पार्टी इस चुनावी रेस में आगे आती भी नजर आ रही है। चुनाव में बीजेपी को टक्कर कांग्रेस देगी, ये माना जा रहा है। लेकिन बात करें कांग्रेस में चल रही गुटबाजी की, तो गुटबाजी अब तक खत्म नहीं हुई है। पहले अशोक तंवर और हुड्डा गुट के बीच अध्यक्ष पद को लेकर लगातार जंग जारी थी। लेकिन अब तंवर से उनका पद छीन जाने के बाद वे हुड्डा शैलजा की जोड़ी पर तंज कसते नजर आते हैं। हाईकमान की तरफ से पार्टी में किए बदलाव से कांग्रेस को फायदा हुआ है, लेकिन फैसला देरी से लिए जाने पर भी पार्टी को नुकसान हुआ है क्योंकि चुनाव की तारीख का भी ऐलान कर दिया है, अब पार्टी के पास इतना समय नहीं है कि वो विधामसभा चुनाव की तैयारियां छोड़कर अपने संगठन को मजबूत करने में जुट जाए।
इनेलो बिखरी, जेजेपी हुई मजबूत-
2018 में इनेलो दो फाड़ हो गई थी, जिसके बाद दुष्यंत चौटाला ने पिता अजय चौटाला के साथ अपनी अलग पार्टी का झंडा गाढ़ दिया था। इसके बाद इनेलो से लगातार नेताओं के पार्टी छोड़ने का सिलसिला जारी था। इनेलो के कई वरिष्ठ नेताओं ने बीजेपी ज्वाइन कर ली थी। इतना ही नहीं 40 साल से अधिक इनेलो में अपना सफर तय करने वाले इनेलो के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने भी इनेलो पार्टी को अलविदा कह दिया। रामपाल माजरा सहित इनेलो के पांच पूर्व विधायकों ने भी इस्तीफा दे दिया। इनेलो के 13 विधायकों ने पार्टी को छोड़ दिया। अब इनेलो पूरे तरीके से बिखर चुकी है। लेकिन जेजेपी के गठन के बाद इनेलो को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा है। कई नेता और वोट बंट चुकें हैं। इनेलो छोड़ने वाले कई नेता और कार्यकर्ताओं ने जेजेपी, बीजेपी या कांग्रेस ज्वाइन की। इससे जेजेपी को तो मजबूती मिली, इनेलो हर दिन कमजोर होती गई। जींद उपचुनाव का ही उदाहरण ले लिया जाए तो जेजेपी ने इनेलो से 11 गुणा ज्यादा वोट हासिल किए थे और लोकसभा में भी जजपा को इनेलो से 4 गुणा ज्यादा वोट मिले थे। जेजेपी की लोकप्रियता लगातार बढ़ी है और नेतृत्व भी मजबूत हुआ है। नए नए लोगों के जुड़ने से इनेलो का रंग जजपा के सामने फीका पड़ा गया। इनेलो के लिए विधानसभा उम्मीदवारों को लेकर ही सबसे बड़ी चुनौती सामने आ रही है, अभय चौटाला ने कहा था कि पार्टी 50 प्रतिशत युवाओं को टिकट देगी, जिस कारण कई वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी छोड़ दी। उधर जेजेपी का बसपा से हाल ही में गठबंधन टूटा है, अब पार्टी अकेले ही 90 सीटों पर विधानसभा चुनाव लड़ेगी।
आप और बसपा भी अलग- अलग 90 सीटों पर लड़ेंगे चुनाव-
मायावती की बहुजन समाज पार्टी और अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी भी विधानसभा चुनाव के लिए रण में उतरी है। दोनों ही पार्टियां अलग- अलग अपनी 90 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी। आप का जेजेपी से लोकसभा में गठबंधन हुआ था, जो विधानसभा चुनाव आते- आते टूट गया। हालांकि बसपा ने जींद उपचुनाव में इनेलो से गठबंधन किया था, लेकिन हार के बाद गठबंदन तोड़ दिया गया। बाद में लोकसभा चुनाव में भी बसपा ने राजकुमार सैनी की लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी से हाथ मिलाया , लेकिन हार के बाद बसपा ने ये गठबंधन भी तोड़ दिया। हाल ही में बसपा ने जेजेपी के साथ चुनाव लड़ने का ऐलान किया था, लेकिन अचानक ही मायावती ने ट्वीट के जरिए ये गठबंधन तोड़ा और ऐलान कर दिया की पार्टी अकेले ही 90 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।




