ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: इसरो के वैज्ञानिक लैंडर विक्रम से लगातार संपर्क साधने में लगे हुए हैं। लेकिन दिन बीतने के साथ इसकी संभावनाएं भी कम होती जा रही हैं। दरअसल, चांद पर रात होने वाली है। वहीं, चांद पर रात होने से पहले विक्रम लैंडर की एक झलक पाने और उससे संपर्क स्थापित होने की खबर के लिए भारतीय बेताब हैं, मगर इस बीच अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने कहा कि, हो सकता है कि ऑर्टिबर के कैमरे के पहुंच से बाहर हो विक्रम लैंडर।

विक्रम लैंडर की चांद के दक्षिणी ध्रुव पर सात सितंबर को हार्ड लैंडिंग हुई थी। उस समय वहां सुबह थी। यानी सूरज की रोशनी चांद पर पड़नी शुरू हुई थी। चांद पर पूरा दिन यानी सूरज की रोशनी वाला समय पृथ्वी के 14 दिनों के बराबर होता है। मतलब 20 या 21 सितंबर को चांद पर रात हो जाएगी। तब तक 14 दिन काम करने का मिशन लेकर गए विक्रम लैंडर और प्रज्ञान रोवर के मिशन का समय पूरा हो जाएगा। ऐसे में विक्रम से संपर्क साधने के लिए सिर्फ गुरुवार का दिन बचा है। अब चंद्रमा पर विक्रम लैंडर के ऊपर गुजारे गए ऑर्बिटर से मिली तस्वीरों के परिणाम को विश्लेषण और समीक्षा के बाद ही सार्वजनिक किया जाएगा।
