सिलेंडर पर खत्म होगी सब्सिडी, बढ़ेगा जेब पर बोझ

न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : पेट्रोल और डीजल के बाद अब रसोई गैस सब्सिडी ख़त्म हो सकती है। अब जून, 2017 में तेल कंपनियों को नया…

न्यूज डेस्क/लिविंग इंडिया : पेट्रोल और डीजल के बाद अब रसोई गैस सब्सिडी ख़त्म हो सकती है। अब जून, 2017 में तेल कंपनियों को नया निर्देश दिया गया है कि वे अब हर महीने चार रुपये की बढ़ोतरी करे। वैसे जुलाई, 2017 में तेल कंपनियों ने 14.2 किलो क्षमता वाले गैस सिलेंडर की कीमत में 32 रुपये की बढ़ोतरी की थी। यह बढ़ोतरी जीएसटी लागू होने के चलते हुई है लेकिन आने वाले महीनों में हर महीने चार रुपये की वृद्धि की जाएगी।

Watch Video:

जुलाई, 2016 से हर महीने तेल कंपनियां LPG सिलेंडर पर हर महीने दो रुपये बढ़ा कर सब्सिडी काफी कम कर चुकी हैं लेकिन तेल कंपनियां चार रुपये प्रति महीने बढ़ाकर इसे पूरी तरह से खत्म करने जा रही हैं। इस बारे में 30 मई, 2017 को पेट्रोलियम मंत्रालय के निर्देश का मतलब साफ है कि तेल कंपनियां चार रुपये की बढ़ोतरी तब तक करेंगी जब तक एलपीजी सब्सिडी पूरी तरह से समाप्त न हो जाए। वैसे सरकार चाहती है कि यह काम मार्च, 2018 तक हो लेकिन अगर तब तक सब्सिडी बनी रहती है तो यह मूल्य वृद्धि आगे भी जारी रहेगी।

अभी सरकार की तरफ से हर सिलेंडर पर 86 रुपये की सब्सिडी दी जाती है। साफ है कि अगर सब्सिडी की यह दर इसी स्तर पर बनी रहती है तो तेल कंपनियों को 22 महीने तक चार रुपये की बढ़ोतरी करनी होगी। अभी हर परिवार को साल में सब्सिडी वाले 12 सिलेंडर लेने की सुविधा है। इसके बाद अगर कोई सिलेंडर लेता है तो उसे बाजार कीमत चुकानी पड़ती है। लेकिन अब हर घरेलू ग्राहक को एक ही कीमत पर एलपीजी मिलेगी। सब्सिडी खत्म करने से जो राशि बचेगी उसका उपयोग सरकार देश में रसोई गैस कनेक्शन बढ़ाने के लिए करेगी।

इसके लिए पीएम उज्जवला योजना लागू की गई है। इसके तहत एक वर्ष में 3.5 करोड़ कनेक्शन दिए गए हैं। सरकार वर्ष 2019 तक देश की 95 फीसद परिवारों को एलपीजी कनेक्शन देने की योजना के साथ आगे बढ़ रही है। इस पर सरकार 30 हजार करोड़ रुपये खर्च करने की बात कह चुकी है। हालांकि इस घोषणा से लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा, जाहिर है सरकार अपने तर्क से लोगों को शांत करने की कोशिश करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *