चंडीगढ़ (पंजाब) : पंजाब पुलिस के लिए सिरदर्द बन चुके और गैंगस्टर लवी देवड़ा की हत्या में शामिल लॉरेंस गैंग के शूटर भोला और गैंगस्टर इंदरप्रीत सिंह उर्फ पैरी को पकड़ लिया गया है। दोनों को चंडीगढ़ पुलिस ने सेक्टर 63 में नाका लगाकर पकड़ा है। पुलिस ने दोनों के पास से हथियार भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार अपराधी भोला शूटर और इंदरप्रीत सिंह उर्फ पैरी लॉरेंस गैंग के लिए काम करते हैं। जिनके लिए किसी की हत्या करना चुटकियों का खेल है। लॉरेंस और विक्की गौंडर गैंग की अदावत काफी पुरानी है। दोनों गैंग एक-दूसरे के खून के प्यासे हैं। और इसी वर्चस्व की लड़ाई में लवी देवड़ा की हत्या कर स्क्रिप्ट लिखी गई और मौका देखते ही भोला शूटर लवी को गोलियों से छलनी करके फरार हो गया। चंडीगढ़ पुलिस शूटर भोला और गैंगस्टर पैरी को पकड़कर बड़ी सफलता हासिल करने का दावा कर रही है। पुलिस ने सेक्टर 63 में नाका लगाकर दोनों गैंगस्टर्स को हिरासत में लिया है। दोनों के पास से पुलिस को दो देसी कट्टे एवं दो जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं। पुलिस दावा कर रही है कि दोनों ने चंडीगढ़ में किसी तरह की आपराधिक वारदात को अंजाम नहीं दिया था। लेकिन अपराध की जगत में भोला शूटर की तूती बोलती थी। उसकी पिस्तौल से निकली गोली कब किसके सीने को छलनी कर दे ये खुद उसे नहीं पता था।

पुलिस की हिट-लिस्ट में था भोला शूटर
भोला शूटर और पैरी की गिरफ्तारी के बारे में चंडीगढ़ डीएसपी साउथ दीपक यादव ने बताया कि पुलिस ने सेक्टर 63 में नाका लगाया था। नाके के दौरान ही दोनों गैंगस्टर पुलिस की गिरफ्त में आ गए। दोनों गैंगस्टर पिछले दो दिनों से ही सेक्टर 63 के किसी मकान में छिपे हुए थे। डीएसपी साउथ दीपक यादव ने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों ने कई बड़ी वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। इसमें विक्की गौंडर गैंग के गैंगस्टर लवी देवड़ा की हत्या और पंचकूला नागरिक अस्पताल से कैदियों को भगाने की घटना शामिल है। हालांकि पुलिस इनसे पूछताछ करने अन्य आपराधिक वारदातों की खुलासा भी करने का दावा कर रही है। दरअसल भोला शूटर का नाम अचानक हरियाणा और पंजाब पुलिस की हिट-लिस्ट में आ गया जब उसने विक्की गौंडर के बेहद खास मान जाने वाले लवी देवड़ा को गोलियों से छलनी कर दिया था। लवी फरीदकोट में लगे एक मेले में गया था, इसी दौरान भोला शूटर ने उस पर गोलियों की बौछार कर दी और वहां से फरार हो गया। इस घटना के बाद पुलिस के सिर पर बल पड़ गए। पुलिस को लगने लगा था कि एक बार पंजाब की धरती गैंगवार से दहल जाएगी। पुलिस समझ गई थी कि फरीदकोट से उठी बदले की चिंगारी पंजाब से लेकर हरियाणा तक को झुलसा देगी, हालांकि पुलिस ने भोला शूटर और पैरी को गिरफ्तार करके उस चिंगारी को भड़कने से बचा लिया है। और ये दावा हम नहीं पुलिस कर रही है।
