पंचकूला (हरियाणा) : हरियाणा के कृषि मंत्री ओपी धनखड़ ने मंगलवार को पंचकूला के सेक्टर 20 अनाज मंडी में एप्पल मार्केट का शुभारंभ किया। इस दौरान कृषि मंत्री ने कहा कि मार्केट के खुलने से सेब की खेती करने वाले किसानों और खरीदारी करने वाले व्यापारियों को काफी फायदा होगा। आने वाले दिनों में यह एक बड़ा मार्केट बनकर उभरेगा। कृषि मंत्री धनखड़ ने बताया कि पंचकूला में खोली गई होलसेल सेब मार्केट देश के नक्शे पर आएगा। आने वाले समय में जल्द ही घनोर की मंडी भी भारत की बड़ी मंडी में से एक बनकर उभरेगी। मंडी के माध्यम से भी सेब की ऑनलाइन बोली जल्द शुरू की जाएगी, जिससे हरियाणा के व्यापारी किसी भी जिले में बैठकर ऑनलाइन खरीदारी कर सकेंगे। इस मंडी के खुलने से व्यापार भी काफी हद तक बढ़ेगा।
कांग्रेस का किसानों को बहकाने का काम
राष्ट्रपति के चुनाव को लेकर हुई वोटिंग पर बोलते हुए मंत्री ने कहा की राष्ट्रपति पद के लिए वोटिंग की गई है और कोविंद जी राष्ट्रपति बन कर आएंगे। कोविंद जी के साथ पहले भी उन्हें काम करने का मौका मिला है। स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट पर बोलते हुए कहा कि उनकी सरकार ने रिपोर्ट की कई शर्तें लागू की है। कांग्रेस सरकार अपने समय में स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू नहीं कर पाई। कांग्रेस किसान को बहकाने का काम करती है। कांग्रेस पार्टी किसानों की पीठ पर छुरा घोंपने वाली है। उन्होंने फसल बीमा पर बोलते हुए कहा कि किसानों को मुआवजा मिलने पर विपक्ष की बोलती बंद हो गई है। मौके पर हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के चेयरमैन कृष्णा गहलावत, पंचकूला से विधायक ज्ञानचंद गुप्ता उपस्थित रहे।
