सरकारी कर्मचारियों की रिटायरमेंट आयु 58 वर्ष करने पर विचार : सीएम

चंडीगढ़ : सूबे के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने साफ कर दिया है कि सरकारी कर्मचारियों के रिटायरमेंट की आयु 60 से घटाकर 58 वर्ष…

चंडीगढ़ : सूबे के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने साफ कर दिया है कि सरकारी कर्मचारियों के रिटायरमेंट की आयु 60 से घटाकर 58 वर्ष किया जा सकता है। हालांकि उन्होंने साफ किया कि इस पर अभी कैबिनेट में विचार-विमर्श किया जाएगा। कैबिनेट जो फैसला लेगी उसके बाद ही सरकार अंतिम निर्णय लेगी। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि राजस्व को बढ़ानेके लिए टैक्स लगाने पर विचार किया जा रहा है। इसके अलावा सीएम ने कहा कि कर्ज के बोझ तले हो रही किसानों की खुदकुशियां चिंता का विषय हैं। इस पर रोक लगाने के लिए सरकार प्रयास कर रही है। किसानों के कर्जमाफी की प्रक्रिया दो हफ्ते के अंदर पूरी कर ली जाएगी। इस दौरान सतलुज-यमुना लिंक नहर से जुड़े सवाल पर सीएम ने कहा कि राज्य और केंद्र सकारात्मक माहौल में बातचीत के माध्यम से समस्या का समाधान करने का प्रयास कर रही है। राज्य ने केंद्र से समस्या के समाधान होने से पहले नहर के पानी की मात्रा के निर्धारण का भी आग्रह किया है। हालांकि सीएम ने उन खबरों का खंडन किया, जिसमें कहा गया था कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से एसवाईएल के बारे में किसी तरह की बात की है। फसल ऋण को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में सीएम ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को सहूलियत देने के लिए बैंकों से बात कर रही है। वित्त मंत्रालय ने जानकारी दी है कि एक सप्ताह के अंदर कर्जमाफी को अमल में ले आया जाएगा। सीएम ने बताया कि राज्य का राजस्व बढ़ाने के लिए नए टैक्स का ऐलान किया जा सकता है। इस दिशा में वित्त मंत्रालय विचार कर रहा है। हालांकि इस पर अभी अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। गुरदासपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी के नाम से जुड़े सवाल पर सीएम ने कहा कि प्रत्याशी के नाम पर किसी तरह की बातचीत नहीं हुई है। आपको बता दें कि भाजपा सांसद विनोद खन्ना के निधन के बाद गुरदासपुर लोकसभा सीट रिक्त है। इस सीट पर पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील जाखर को प्रत्याशी के रूप में उतारने की बात कही जा रही थी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *