Delhi : राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा पर लगातार सवाल खड़े होते आ रहे हैं। ताजा मामला शकरपुर इलाके का है, जहां शुक्रवार की देर रात एक 50 वर्षीय महिला की गला रेत कर हत्या कर दी गई। महिला शकरपुर इलाके की एक पीजी की केयरटेकर थी और इसी की पहली मंजिल पर रहती थी।
पुलिस का कहना है कि महिला घर में अकेली रहती थी। किसी ने उसकी तेजधार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। हैरानी की बात यह है कि घर में किसी सामान से छेड़छाड़ नहीं की गई है, इससे साफ पता चलता है हत्यारे का इरादे लूट का नहीं था।
मकान के ग्राउंड फ्लोर पर महिला के देवर का परिवार व सास रहते हैं। उसके पति की कुछ साल पहले ही मौत हो चुकी थी। महिला की दो बेटियां हैं जिनकी शादी हो चुकी है। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और घटनास्थल की बारीकी से जांच की। मृतका की शिनाख्त संगीत के रूप में की गई है।
दुकानदार सौरभ ने बताया कि महिला शुक्रवार की रात करीब 9.30 बजे ऑफिस से लौटकर उसकी दुकान पर आई और सामान खरीदकर वापस अपने घर लौट गई। उसके वापस लौटने के कुछ देर बाद उन्हें पता चला कि उसकी हत्या कर दी गई है तो सभी घर के बाहर पहुंचे और पुलिस को सूचना दिया। पड़ोसियों की मानें तो संगीत शांत स्वभाव की थी और उसकी किसी से दुश्मनी नहीं थी। जबकि इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। महिलाओं पर लगातार हो रहे हमले से लोग चिंतित हैं। लोगों ने पुलिस से मांग की है कि इलाके में पुलिस सुरक्षा को पुख्ता करे ताकि अपराधी वारदात को अंजाम देने से डरें।



