मोहाली: एस वाई एल पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर पंजाब को खुशी हुई या ग़म, लेकिन जिस तरह से पंजाब सरकार ने फैसले का स्वागत किया है, उससे तो लगता है कि सरकार खुश है। हालांकि विपक्षी दल इसमें कांग्रेस को स्वागत करने की बजाए चिंता करने की सलाह दे रहे हैं। उनका कहना है कि पानी बचाने के लिए विचार विमर्श करना चाहिए।इसकी गंभीरता को देखते ही पंजाब सरकार ने नहरी पटवारियों को नियुक्ति पत्र बांटने का विशेष प्रोग्राम रखा। हालांकि आना तो मुख्यमंत्री को था, लेकिन किसी वजह से उनका प्रोग्राम कैंसिल कर दिया गया। सिंचाई और ऊर्जा मंत्री ने बताया कि एस वाई एल को लेकर मुख्यमंत्री बैठक कर रहे हैं. राणा गुरजीत सिंह ने कहा पंजाब-हरियाणा के बीच वार्ता में केंद्र सरकार को मध्यस्था करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बैठ कर विमर्श करने से हमें फायदा होगा और पंजाब का पानी बचाने में कामयाब होंगे।
हालांकि पंजाब सरकार की उम्मीदों को कितने पर लगेंगे, ये कहना मुश्किल है. क्योंकि एसवाईएल की शुरुआत राजनीतिक हुई थी। जब नींव का पत्थर रखा गया था, तब से लेकर आज तक राजनीतिक पार्टियों ने इसे अपने फायदे के लिए इस्तेमाल किया। आज भी राजनीतिक पार्टियां जरूरत के हिसाब से लोगों की भावनाओं को देखते हुए अच्छा फायदा उठाने में कामयाब हो रही हैं।
हरियाणा की इनेलो आज इसे सत्ता की कुर्सी तक पहुंचने की सीढ़ी समझते हुए प्रदर्शनों का सहारा ले रही है. बहरहाल, पंजाब सरकार बैठकों के दौर में खुद की नींव मजबूत करने की तैयारी में जुट चुकी है।
