यमुनानगर में जीआरपी कर्मचारी ने शराब के नशे में धुत होकर खूब उत्पात मचाया। उसकी इस हरकत का लोगों ने वीडियो भी बनाई जिसमें करीब साढ़े तीन मिनट पुलिस वाले का ड्रामा कैद हुआ। पुलिसवाला कभी गाली गलौच तो कभी वर्दी का रॉब दिखाकर न सिर्फ लोगों को कान में उंगली डालने के लिए मजबूर कर रहा बल्कि हाथापाई पर भी उतर आया। काफी देर तक रेलवे टिकट काउंटर के बाहर ये ड्रामा चलता रहा और लोग मोबाइल में वीडियो बनाते रहें।
वही शराब के नशे में हंगामा कर रहे इस कांस्टेबल की शिकायत कुछ लोगो ने जीआरपी पुलिस स्टेशन में भी दे दी । एसएचओ सुरेश कुमार ने बताया कि उक्त कांस्टेबल भूपेंद्र आर्मी से रिटायर है और उसे अस्थाई तौर पर जीआरपी में रखा गया है। फिलहाल मामले की कार्रवाई जारी है। लेकिन इस घटना से ये तो साफ है कि नशा खत्म करने के लिए सरकार ने जिन्हें जिम्मेदारी दी हुई है वह खुद ही नशे में झूम रहे हैं।

