Chandigarh : चंदू चायवाला (Chandu Chaiwala) फिर से आपको चाय की चुस्कियों के साथ हंसी के शुगर फ्री मीठे डोज देने को तैयार है। अरे, आप नहीं समझें तो चलिए हम उठाते हैं पर्दा और शुरू हो जाएं ठहाकों के साथ लोटपोट होने के लिए, क्योंकि ये है पुराने तेवर और नए कलेवर वाला ‘द कपिल शर्मा शो’। जिसका शनिवार को आने वाला एपीसोड अपने आप में खास होगा, क्योंकि ये है ‘होम कमिंग’, किसके लिए वो आपको आगे बताएंगे।

सोनी टीवी पर आने वाले शो ‘द कपिल शर्मा शो’ से एकबार फिर कॉमेडियन और चंदू चायवाला चंदन प्रभाकर सेकेंड इनिंग शुरू करने वाले हैं। शनिवार को इस स्पेशल एपीसोड का प्रसारण किया जाएगा। एपीसोड की शूटिंग के लिए बाकायदा काफी तैयारी की गई है। चंदन के मंच पर आते ही उनको ऑडियंस और जज ने स्टैंडिंग ओवेशन दिया, वहीं बैकग्राउंड में गाना बजाया गया ‘अपने तो अपने होते हैं।’

इस खास एपीसोड के कई टीजर शनिवार को चैनल पर दिखाए गए हैं। इस बार ‘द कपिल शर्मा शो’ के खास मेहमान हैं, लोकप्रिय शायर डॉ. राहत इंदौरी, कवि डॉ. कुमार विश्वास और शायरा शबीना अदीब। माना जा रहा है कि इस एपीसोड में चंदन अपने दोस्त कपिल शर्मा के साथ हुई तकरार के बारे में भी बताएंगे, मजाक-मजाक में ही सही। लेकिन ये अभी टॉप सीक्रेट है।

इसके साथ ही कॉमेडियन भारती सिंह भी इस एपीसोड से अपनी नई पारी की शुरूआत कर रही हैं। अब देखना होगा कि इन कलाकारों की मौजूदगी में क्या ‘द कपिल शर्मा शो’ फिर से टीआरपी के पुराने दिनों को हासिल कर सकेगा या नहीं। खैर, आप तैयार रहें, हंसी के डबल डोज के साथ कंप्लीट एंटरटेनमेंट पैकेज के लिए, क्योंकि यह दावा कपिल की तरफ से आया है।

आपको बता दें कि इस साल मार्च में ऑस्ट्रेलिया से लौटने के दौरान फ्लाइट में कपिल और सुनील ग्रोवर के बीच लड़ाई हो गई थी। जिसके बाद सुनील ग्रोवर ने शो तो छोड़ा ही, चंदन भी कपिल के शो से बाहर चले गए थे। हालांकि, कपिल ने काफी कोशिश की थी दोनों को वापस लाने की, आखिर में चंदन तो मान गए, लेकिन सुनील ने अभी तक वापसी की हामी नहीं भरी है।

Also Read:
What is it that left Karenjit Kaur Vora aka Sunny Leone amazed?
