Chandigarh : अपने गानों से रातोंरात लोगों की जुबान पर फेमस (अच्छी या बुरी वजह से आप तय करिए) हो चुकीं ढिंचैक पूजा के गाने भले ही यूट्यूब पर लाखों लोग देखते हों, लेकिन लोगों के लिए उनका गाना सदमे से कम नहीं है। ऐसा हम नहीं कह रहे हैं, यूट्यूब पर अपलोड किए गए पूजा के नए गाने ‘दिलों का शूटर है मेरा स्कूटर’ पर लोगों के कमेंट पढ़कर आपको भी इसका यकीन हो जाएगा। यूट्यूब पर ‘दिलों का शूटर है मेरा स्कूटर’ गाने के वीडियो को 25 जून को अपलोड किया गया था। इसे अब तक 3 लाख 80 हजार से ज्यादा लोगों ने देखा है, वहीं 1 लाख से ज्यादा लोग ढिंचैक पूजा के चैनल को सब्सक्राइब किया हुआ है। पूजा का भी कहना है कि वो अपने नए गाने को पब्लिक डिमांड पर लेकर आई हैं।

अब तो गाना बंद कर दो पूजा!
अच्छा आपको अब बताते हैं कि आखिर पूजा के गाने लोगों के लिए सदमे के समान क्यों हैं? ‘दिलों का शूटर है मेरा स्कूटर’ से पहले पूजा ‘स्वैग वाली टोपी’, ‘दारू दारू’ और ‘सेल्फी मैंने लेली आज’ गाना लेकर आई थीं, और देखते ही देखते वो इंटरनेट की सनसनी बन गईं। उनके गानों पर कमेंट करने वाले अधिकांश लोगों ने उनसे गाना बंद करने की गुजारिश भी कर दी है। वहीं कई लोग तो उन्हें बाकायदा गाना सिखाने का ऑफर तक दे चुके हैं। हालात यह है कि लोगों को जब हंसने का मन करता है तो वो पूजा के गानों को सुनने लगते हैं। ऐसा हम नहीं कह रहे हैं, ये पूजा के गानों पर किए गए कमेंट पढ़कर हमें पता लगा है। हालांकि तमाम आलोचना को दरकिनार करके पूजा गाने में व्यस्त हैं।

‘स्कूटर‘ पर हो सकता मामला दर्ज!
अब फिर से आते हैं ‘दिलों का शूटर है मेरा स्कूटर’ गाने पर, जिसकी शूटिंग के दौरान पूजा ने बिना हेलमेट के स्कूटर चलाया। अब पूजा तो ढिंचैक हैं, सो उनके लिए सात खून माफ। लेकिन दिल्ली पुलिस पूजा के खिलाफ मामला दर्ज करने की तैयारी कर रही है। लेकिन पूजा हैं कि मानती नहीं, वो तो कह रही हैं कि गाना बंद करने का उनका कोई मूड नहीं है। पूजा शायद दुनिया की पहली ऐसी गायिका हैं, जो अपने हर गाने के साथ ट्रोल होने लगती हैं। और लोग ऐसे-ऐसे कमेंट करते हैं, जिसे आम शख्स बदार्श्त ना करे, लेकिन पूजा हैं कि उन कमेंट्स को डिलीट करके गाने में मशगूल हो जाती हैं। खैर, पूजा का गाना सदमा हो या सिरदर्द, उन्हें फर्क नहीं पड़ता, वो तो अपने फैन्स के लिए गा रही हैं। तो आप भी सुनिए ‘दिलों का शूटर है मेरा स्कूटर’ और तय करिए कि गाना आखिर होता क्या है?

