ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज:लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी के सुप्रीमो राजकुमार सैनी ने भाजपा सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कई जुबानी वार किए। राजकुमार सैनी ने सीएम मनोहर लाल खट्टर को ईमानदारी का ढोंग रचने वाला बता डाला। इतना ही नहीं राजकुमार सैनी ने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि ये पार्टी केवल अपने चहेतों को ही नौकरी पर लगाती है। सैनी ने अधिक चालान बढ़ाने को लकर कहा कि बीजेपी घाटे को पूरा करने के लिए बड़े छुरे लेकर गरीब लोगों की जेब काटने को निकली है। दरअसल, सैनी रोहतक में कार्यकर्ता सम्मेलन में शिरकत करने पहुंचे थे।

राजकुमार सैनी ने साफ तौर पर कहा है कि लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी किसी भी पार्टी के साथ गठबंधन नहीं करेगी और कार्यकर्ता के अलावा किसी भी बड़े नेता से संपर्क नहीं करेंगे। वे नवरात्रि में अपने उम्मीदवारों की लिस्ट साझा करेंगे। सैनी ने कहा कि श्राद्ध के कारण वे अभी लिस्ट नहीं निकाल रहे हैं, लेकिन नवरात्रि के शुभ अवसर पर वे अपनी पार्टी की पहली सूची जारी करेंगे।

