ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: आज चंडीगढ़ में कांग्रेस प्रभारी गुलाम नबी आजाद, प्रदेश अध्यक्ष कुमारी शैलजा और सीएलपी लीडर भूपेंद्र हुड्डा ने एक प्रेसवार्ता का आयोजन किया। हुड्डा और शैलजा अपना- अपना चार्ज लेने के लिए पहुंचे थे, इस दौरान पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी। गुलाम नबी आजाद ने कहा कि विधानसभा चुनाव के चलते अब दोनों लीडर्स ही ये निर्णय लेंगे कि कहां- कहां जन सभाएं की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी दोनों की क्षमताएं जानती हैं और अगले एक हफ्ते में चुनाव घोषित हो सकते हैं, इसी के चलते ही पार्टी ने जिन्हें अनुभवी लीडर महसूस किया, उन्हें ही चुनाव की कमान दी। उन्होंने कहा कि इसका मतलब ये नहीं है कि पहले वाले लीडर्स को अनुभव नहीं था, उनके कार्यकाल में 2 चुनाव हो चुके हैं और अब तीसरे की कमान इन लीडर्स को दी गई है।
इस दौरान गुलाब नबी आजाद ने ये भी माना की इस निर्णय को लेकर देरी हुई है। उन्होंने तंवर के न आने पर कहा कि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किसी बात से नहीं आए, लेकिन आना चाहिए था और हटना- आना- जाना तो लगा ही रहता है। गुलाम नबी ने कहा कि ये गुटबाजी नहीं है। उन्होंने बताया कि चुनाव से संबधित चार कमेटियों को जल्द बना लिया जाएगा। हमारी लड़ाई रीजनल पार्टी से नहीं भाजपा से है।
तो वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुमारी शैलजा ने कहा कि चुनाव हमारे सर पर हैं, सभी एक साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे, हां समय जरूर कम है। शैलजा ने कहा कि इस बार कुछ नए चहरों और महिलाओं को तवज्जों दी जाएगी। पार्टी का स्टैंड पार्टी के प्रस्ताव में साफ हो चुका है, जिसके बाद व्यक्तिगत जवाब का सवाल नहीं बनता। उन्होंने कहा कि सभी पार्टी का हिस्सा है जरूरी नहीं की सभी एक जगह मौजूद रहें।




