ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: आए दिन साइबर क्राइम से जुड़े कई मामले सामने आते हैं, लेकिन इस बार पंजाब के सीएम अमरिंदर सिंह की सांसद पत्नी परनीत कौर के साथ ही 23 लाख रुपये की ठगी हो गई। एक हफ्ते पहले संसद सत्र के दौरान ये ठगी हुई।
बताया जा रहा है कि शातिर आरोपी ने खुद को एसबीआई बैंक का मैनेजर बताते हुए परनीत कौर से कहा कि बैंक में उनकी सैलरी डालनी है। ये भी कहा कि जल्द अपना एटीएम नंबर और सीवीवी नंबर दे दो, नहीं तो उनकी सैलरी अटक जाएगी। आरोपी ने कहा कि वो होल्ड कर रहा है और उनके फोन पर एक ओटीपी आएगा, वो भी बता देना, तभी पैसे डल पाएंगे। इसके तुरंत बाद ही परनीत कौर को 23 लाख रुपये निकलने का मैसेज आया, जिसके बाद उनके होश उड़ गए और पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
इस मामले में आरोपी अताउल अंसारी को रिमांड पर लेने के लिए पंजाब पुलिस मंगलवार को झारखंड के जामताड़ा पहुंच गई। जामताड़ा के एसपी अंशुमन कुमार का कहना है कि पंजाब पुलिस के रमांड पर भेजने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने बताया कि आरोपी को 3 अगस्त को ही एक मामले में जामताड़ा जेल भेजा गया था।


