ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज:हरियाणा में भाजपा का कुनबा लगातार बढ़ता जा रहा है। विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा प्रदेश में मजबूती होती जा रही है। आज पूर्व बसपा विधायक टेक चंद शर्मा, निर्दलीय विधायक रविन्द्र माछरौली, पूर्व इनेलो विधायक नगेन्द्र भड़ाना, पूर्व इनेलो विधायक माखन लाल सिंगला ने भाजपा का हाथ थाम लिया है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने इन सभी विधायकों को पार्टी ज्वाइन करवाई है।
इस दौरान सुभाष बराला ने कहा कि भाजपा सरकार के 5 साल के शासन का अंतिम विधानसभा सत्र आज सम्पन्न हो गया। इसमें मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश सरकार की पांच साल की जन कल्याणकारी नीतियों पर चर्चा की। बराला ने कहा कि यह कार्यकाल उपलब्धियों से भरा रहा, इनकी बदौलत अनेक नेता भाजपा में शामिल हो रहे हैं। चारों नेताओं का स्वागत करते हैं।
वहीं, मुख्यमंत्री मनोहर लाल का कहना है कि आज 15वां सत्र और 85वीं बैठक हुई। उन्होंने कहा कि हमने हर साल तीन सत्र कराने की परंपरा शुरू की और इसे निभाया।
सीएम ने कहा कि अब सभी चुनाव के लिए मैदान में उतरेंगे और 14वीं विधानसभा के लिए मुट्ठी भर बीज बिखेरे थे। हमारे सामने बैठे लोगों में अपनापन आया और कुछ में अपनापन आ जाएगा। इस दौरान सीएम मनोहर लाल ने सभी नेताओं का स्वागत किया। सीएम ने कहा कि आज यह बड़े परिवार में शामिल हुए हैं, चुनाव में मिलकर सब अगले सत्र की तैयारी करेंगे।



