ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया: सरकार प्रदेश में विकास के बड़े-बड़े दावे तो जरूर करती है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। झंझीड़ी बस हादसे के बाद सरकार के इन दावों की पोल खुल गई। लोगों का कहना है कि सड़क के किनारे अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनों के कारण यह हादसा हुआ है। इस हादसे के बाद सवाल अब प्रशासन और सरकार की व्यवस्था पर खड़े हो रहे हैं। आखिरकार क्यों प्रशासन सड़कों से अवैध वाहनों को हटाने में नाकामयाब साबित हो रहा है। अगर प्रयास किए भी जा रहे हैं तो, क्यों शिमला के हर मोड़ पर अवैध रूप से खड़ी गाड़ियों की कतारें देखने को मिलती हैं? कब तक मासूम प्रशासन की लापरवाही का शिकार होते रहेंगे? नेतागण परिजनों को सांत्वना तो दे रहे हैं, लेकिन उनकी यह सांत्वना माताओं के कलेजे के टुकड़ों को कभी वापिस न ला पाएगी। न जाने कब सरकार को बिलखते परिजनों और मासूमों की चीखें सुनाई देंगी और व्यवस्था पटरी पर आएगी।
ये है पूरा घटनाक्रम
मिली जानकारी के अनुसार, एचआरटीसी की बस सुबह चैल्सी स्कूल के बच्चों को लेकर जा रही थी। बस में 12 बच्चे सवार थे। खलीणी के झंझीड़ी में सड़क संकरी थी और सड़क के आर-पार गाड़िया खड़ी थी। ऐसे में ड्राइवर बस को निकाल रहा था, लेकिन जगह कम होने की वजह से बस सड़क से नीचे उतर गई और खाई में जा गिरी। हादसे में चालक और 2 बच्चों की मौत हो गई। जबकि 10 बच्चे घायल हो गए।
लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर
हादसे के बाद शिमलावासियों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। लोग आसपास अवैध रूप से खड़ी गाड़ियों के शीशे तोड़ रहे हैं और धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे शिक्षा मंत्री भी लोगों के गुस्से से न बच पाए। लोगों ने शिक्षा मंत्री का जमकर घेराव किया और उनसे लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर जवाब मांगा। लेकिन मंत्री जी लोगों के सवालों का जवाब न दे सके और एसपी की गाड़ी में चलते बने। गुस्साई भीड़ ने ASP मनमोहन सिंह और ASP प्रवीर ठाकुर का भी ने घेराव किया। मौके पर तनाव को देखते हुए पुलिसकर्मियों समेत क्यूआरटी के जवान तैनात किए गए हैं।
सीएम ने बुलाई बैठक
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी आइजीएमसी शिमला पहुंचकर घायलों का हाल जाना और मृतक बच्चों के लिए शोक व्यक्त किया। साथ ही सीएम ने हादसों पर लगाम लगाने के लिए सचिवालय में आला अधिकारियों की बैठक बुलाई है। सीएम ने कहा जो भी हादसे के पीछे दोषी पाया गया, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। अब देखना यह होगा कि इस हादसे के बाद प्रदेश सरकार क्या कदम उठाती है।



