ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज:- फरीदाबाद में बूथ कैपचरिंग के बाद प्रकाश में आए असावटी गांव में रीपोलिगं के दौरान पोलिंग बूथ के बाहर जमकर मोदी-मोदी के नारे लगे। पुलिस ने नारे लगा रहे लोगों को समझा-बुझाकर बूथ से दूर किया। नारेबाजी के बाद कांग्रेस प्रत्याशी ने सरकार पर गुंडागर्दी का आरोप लगाते हुए लोकतंत्र का मजाक उड़ाने की बात कही है।
पश्चिम बंगाल में बीजेपी अध्यक्ष की रैली में हुए हंगामे के बाद भले ही बीजेपी ने वहां की सरकार पर आरोप लगाकर राजनीति की हो, लेकिन बूथ कैपचरिंग के बाद सामने आए फरीदाबाद के असावटी गांव में रीपोलिंग के दौरान बूथ के बाहर जमकर मोदी-मोदी के नारे लगे। पुलिस को भी इन कार्यकर्ताओं को समझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने किसी प्रकास से समझा बुझाकर इन लोगों को पोलिंग बूथ से दूर किया |
बूथ के बाहर हुई नारेबाजी के बाद कांग्रेस प्रत्याशी अवतार भड़ाना ने सरकार पर गुंडागर्दी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मोदी और शाह को केवल बंगाल दिखाई देता है, लेकिन फरीदाबाद में हो रही गुंडागर्दी उन्हें नजर नहीं आती।
12 मई को हरियाणा में हुए चुनाव के बाद असावटी गांव के एक सरपंच और कुछ कार्यकर्ताओं का वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें बूथ कैपचरिंग कर लोगों की वोट खुद डालने का काम किया जा रहा था। इस पर कार्रवाई करते हुए चुनाव आयोग ने असावटी गांव के बूथ पर फिर से मतदान करने के अलावा डीसी को बदलने के निर्देश दिए थे। डीसी को बदलने के अलावा चुनाव आयोग के निर्देश पर गांव के सरपंच को भी सस्पेंड कर दिया गया था, लेकिन अब बूथ के बाहर हुई नारेबाजी की घटना से ये साबित हो गया कि वहां सब कुछ ठीक नहीं है। खैर देखने वाली बात होगी कि रीपोलिंग के बाद मतगणना के समय इस गांव से किसके पक्ष में मतदान हुआ मिलता है।
