ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज:- हरियाणा में 12 मई को लोकसभा चुनाव के लिए वोटिंग होगी | 10 मई शाम को हरियाणा में चुनाव प्रचार का शोर थम जायेगा | इस बीच आखिरी पड़ाव में पहुंचे हरियाणा के रण के लिए सभी दलों ने अपनी ताकत झौंक दी है | आज हरियाणा के रण में सियासी दलों के स्टार प्रचारकों नें उतरकर चुनावी माहौल को और गर्माने का काम किया | इसी कड़ी में रोहतक में सांपला पहुंचे सीएम मनोहर लाल खट्टर ने बीजेपी प्रत्याशी अरविंद शर्मा के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित किया |
सीएम मनोहर लाल ने यहां प्रदेश की सभी 10 सीटों पर बीजेपी की जीत का दावा ठोका | मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पूर्व की सरकारों पर जमकर निशाने साधे | उन्होने कहा कि, पहले नौकरियों में भ्रष्टाचार चरम पर था, लेकिन बीजेपी सरकार ने नौकरियों में पारदर्शिता लाने के लिए भ्रष्टाचार को खत्म किया | पिछले साढ़े चार सालों में प्रदेश में भ्रष्ट्राचार रहित भर्ती अभियान हुआ | सीएम ने कहा कि, अगर उनकी सरकार में किसी ने भी पैसा लिया तो फिर वो उसके गर्दन में सरिया डालकर सारा पैसा निकाल लेंगे |
विपक्ष की ओर से बीजेपी नेताओं पर पीएम मोदी के नाम पर मांगे जा रहे वोट के सवाल पर सीएम ने कहा कि, कांग्रेस नेता तो राहुल गांधी के नाम से वोट मांगने से भी परहेज कर रहे हैं | लेकिन हम छाती ठोक कर कहते हैं कि, हमारा नेता मोदी है |
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में 2016 में हुए हिंसात्मक आंदोलन को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की साजिश करार दिया और कहा कि हुड्डा ने जाटों को बदनाम करने का काम किया है | इस बीच उन्होने बीजेपी से अलग होकर लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी बनाने वाले राजकुमार सैनी पर समाज को तोड़ने का आरोप लगाया |
