ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: हरियाणा की मनोहर सरकार एक के बाद एक लगातार अपनों के निशानों पर आती जा रही है। कुरुक्षेत्र से बीजेपी सांसद राजकुमार सैनी के बाद अब केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने सीएम मनोहर लाल पर निशाना साधा है। हजारों लोगों की मौजूदगी में राव ने ना केवल खुलेआम मंच से सीएम मनोहर लाल पर निशाना साधा, बल्कि उन्होंने जनता का साथ मिलने पर सभी नेताओं को देख लेने तक की बात कह डाली।
2019 के लिए जहां बीजेपी की हरियाणा को लेकर अच्छी रिपोर्ट नहीं है। वहीं, अब राजकुमार सैनी के बाद अहीरवाल के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत ने भी अपनी पार्टी की हरियाणा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पहले से ही प्रदेश की राजनीति की चाह रखने वाले राव इंद्रजीत सिंह ने अब एक बार फिर से अपनी पार्टी के सीएम मनोहर लाल के खिलाफ खुले मंच से बयाबाजी की है। ऐसा भी नहीं है कि सीएम के खिलाफ बोलते समय राव के साथ बीजेपी का दूसरा कोई नेता नहीं था। मंच पर बकायदा उनके साथ भिवानी से बीजेपी सांसद धर्मबीर सिंह के अलावा पटौदी और कोसली के विधायक भी मंच पर मौजूद थे।
पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा का गढ माने जाने वाले झज्जर में सेंध लगाते हुए राव इंद्रजीत ने ना केवल वहां जनसभा का आयोजन किया. बल्कि अपना शक्ति प्रदर्शन भी किया। जनसभा में राव के साथ भिवानी से सांसद धर्मबीर सिंह के अलावा पटौदी और कोसली के विधायक भी मौजूद थे। इस दौरान राव ने सूबे की मनोहर सरकार पर जमकर अपनी भड़ास निकाली। राव इंद्रजीत ने मनोहर लाल पर निशाना साधते हुए कहा कि अब सूबे में वो मुख्यमंत्री नहीं चाहिए. जो सीएम बनने के बाद नेता बने. बल्कि अब वो मुख्यमंत्री चाहिए जो पहले नेता हो और फिर मुख्यमंत्री बने। इंद्रजीत ने कहा कि हमारे लिए बड़े दुर्भाग्य की बात है कि खट्टर साहब के कार्यकाल में हरियाणा जातिवाद में बंट गया।
पहले सैनी, अब राव इंद्रजीत ने अपनी ही पार्टी की हरियाणा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सैनी जहां अपनी नई पार्टी बनाने की घोषणा कर चुके है। ऐसे में राव इंद्रजीत बीजेपी के दूसरे सांसद और विधायकों के सामने अपनी ही सरकार के खिलाफ बोलकर ये जता चुके है कि वो किसी भी सूरत में सीएम मनोहर लाल से कम नहीं है। देखना ये होगा कि क्या अपनों की ही आलोचना का शिकार हो रहे सीएम मनोहर लाल की जगह बीजेपी किसी दूसरे को सीएम प्रत्याशी के रूप में पेश कर पार्टी नेताओं की नाराजगी दूर करने का काम करेगी या फिर सब कुछ पहले की तरह ही चलता रहेगा।



