ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया: साल 1984 में अमृतसर स्वर्ण मंदिर को मुक्त कराने के लिए सेना के चलाए अभियान के बाद हिरासत में लिए लोगों को सीएम अमरिंदर सिंह ने मुआवजा प्रदान किया | इन्हें जोधपुर जेल में नजरबंद रखा गया था | सीएम ने 40 बंदियों को एक कार्यक्रम में 4 करोड़ 50 लाख के चेक वितरित किए | इससे पहले मुख्यमंत्री ने जोधपुर बंदियों से मुलाकात भी की थी, जिन्हें 1984 में हुए ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद गिरफ्तार किया गया था और जोधपुर जेल में बंद रखा गया था। मुख्यमंत्री ने उन्हें सरकार की ओर से पूरी सहायता का आश्वासन दिया था।
मुख्यमंत्री ने कहा था कि बंदियों को कई साल तक बिना किसी गलती के पीड़ा भुगतनी पड़ी। ऑपरेशन ब्लू स्टार के मद्देनजर करीब 300 लोग गिरफ्तार किए गए थे और उन्हें जोधपुर जेल में रखा गया था। बाद में उन्हें मार्च 1989 से जुलाई 1991 के बीच तीन जत्थों में रिहा कर दिया गया था। इनमें से 224 लोगों ने यह कहते हुए मुआवजे के लिए निचली अदालत में अपील की थी कि उन्हें बेवजह हिरासत में रखा गया और प्रताड़ित किया गया, लेकिन 2011 में उन्हें अदालत से कोई राहत नहीं मिली।
हालांकि, इनमें से 40 लोग जिला और सत्र अदालत अमृतसर पहुंचे जिसने आदेश दिया कि इन लोगों को मुआवजे की अपील दायर करने की तारीख से 6 प्रतिशत ब्याज के साथ 4-4 लाख रुपए का मुआवजा प्रदान किया जाए। ब्याज सहित कुल मुआवजा 4 करोड़ 50 लाख रुपये का बनता है ।
Watch Video
https://youtu.be/8L9mqQXIl5w
