ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया: एक ओर सूबे के स्वास्थ्य मंत्री स्वास्थ्य सेवाओं के मामले में हरियाणा के नंबर वन होने का दावा करते है। इसके उल्ट कहीं न कहीं स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही सामने आ ही जाती है। ताजा मामला पानीपत के सिविल अस्पताल में देखने को मिला। यहां सिक न्यूबॉर्न केयर यूनिट की बिजली कम होने और बंद होने के कारण यूनिट के सभी एसी और बच्चों की मशीनें बंद हो गई, जिससे दो बच्चों की मौत हो गई और एक दर्जन से ज्यादा बच्चे बीमार हो गए। एक ओर जहां स्वास्थ्य मंत्री मामले को लेकर गंभीर है। वहीं, अस्पताल प्रशासन ने बिना किसी जांच के ही मामले को क्लीन चिट दे दी। क्या है पूरा मामला ये रिपोर्ट देखिए आप |
धरती पर डाक्टर को भगवान का दर्जा दिया गया है, क्योंकि भगवान के बाद केवल डॉक्टर ही है, जो मरने की कगार पर पहुंच चुके इंसान को जीवन दे सकता है, लेकिन इसके उल्ट पानीपत के सिविल अस्पताल में डॉक्टरों और अस्पताल प्रशासन की लापरवाही से न केवल दो मासूम बच्चों की जान चली गई, बल्कि एक दर्जन से ज्यादा बच्चों की जान पर भी बन आई ।
पानीपत सिविल अस्पताल की सिक न्यूबॉर्न केयर यूनिट में बंद पड़े इस एसी और बंद मशीनों को देखकर ही अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली का पता चल जाता है। सरकार की ओर से इन मशीनों और एसी को इस यूनिट में बच्चों की देखभाल के लिए लगाया गया था, जिससे पैदा होने के बाद किसी भी बीमारी से ग्रसित बच्चों का इस यूनिट में सही से इलाज हो सके, लेकिन अस्पताल प्रशासन की लापरवाही के चलते यहां बच्चों को जीवन की बजाए मौत मिली।
पानीपत के सिविल अस्पताल में बिजली के कम ज्यादा आने के कारण वहां बनी सिक न्यूबॉर्न केयर यूनिट में रखे बच्चों की हालत बिगड़ने लगी। आनन-फानन में अस्पताल प्रशासन की ओर से कईं बच्चों को खानपूर रेफर किया गया, लेकिन इनमें से दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से ज्यादा बच्चों को उनके परिजन निजी अस्पतालों में ले गए।
इस पूरे मामले पर अस्पताल के सीएमओ संतलाल वर्मा का कहना था कि गर्मियों के दिनों में ऐसी परेशानी होती ही है। बच्चों की मौत पर उनका कहना था कि बच्चे की मौत रेफर करने के बाद हुई है। अस्पताल में कोई मौत नहीं हुई है। अब सीएमओ साहब को कौन समझाए कि यदि बच्चा उनके अस्पताल में ज्यादा बीमार न होता तो शायद उसकी मौत ही न होती। अब जरा आप भी सुनिए इस पूरे मामले पर सीएमओ साहब का क्या कुछ कहना था।
बच्चों की मौत के मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने तुरंत जांच के आदेश देकर अधिकारियों को जल्द से जल्द रिपोर्ट सौंपने को कहा है। सूबे के सिविल अस्पताल में लापरवाही का ये कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी प्रदेश में कई ऐसे मामले सामने आ चुके है। खैर अब देखने वाली बात ये होगी कि इस मामले में जांच करने वाले अधिकारी कब तक अपनी रिपोर्ट सौंपते है और उस पर मंत्री जी क्या कार्रवाई करते हैं |
Watch Video
https://youtu.be/aLNu2LvTKUo
