देश में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के बाद दस भारतीय युवा मुक्केबाज चार राउंड के प्रो बॉक्सिंग मुकाबले में हाथ आजमायेंगे जिसके मुकाबले शनिवार को आयोजित होंगे।
इंडियन बॉक्सिंग काउंसिल (आईबीसी) के अध्यक्ष ब्रिगेडियर पीकेएम राजा ने शुक्रवार को आईबीसी-1 नाम की इस प्रो बॉक्सिंग सीरीज के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि सिरीफोर्ट स्कवैश हॉल में इसके मुकाबले आयोजित किये जाएंगे। उन्होंने बताया कि इन पेशेवर मुकाबलों में दिल्ली के प्रदीप, चंडीगढ़ के गगनप्रीत, सिद्धार्थ वर्मा और सुमित रांगी जैसे मुक्केबाज खेलेंगे।
ब्रिगेडियर राजा ने बताया कि चार राउंड के पांचों मुकाबलों में दस भारतीय मुक्केबाज खेलेंगे। यह पहली बार होगा कि दस भारतीय मुक्केबाज पेशेवर करियर में उतरेंगे। इसके अलावा इन मुकाबलों में अधिकारी और जज भी भारतीय होंगे। विश्व मुक्केबाजी संघ (डब्ल्यूबीए) से मान्यता प्राप्त आईबीसी इससे पहले 40 भारतीय रेफरी, जज, सुपरवाइजरों और चिकित्सा अधिकारियों के लिए डब्ल्यूबीए तकनीकी अधिकारी सेमीनार आयोजित कर चुका है।

