UP News: उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद से एक दुखद घटना सामना आई है. गावं में दो लड़कियों के शव पेड़ पर लटके हुए मिले. पुलिस मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच कर रही है. ये अपने घर से सोमवार रात को जन्माष्टमी उत्सव देखने के लिए मंदिर जाने को कहकर निकली थीं. सुबह उनकी लाश आम के बाग में लटकती पाई गई.
इस बीच, समाजवादी पार्टी के नेता और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए जांच की मांग की है. पुलिस के अनुसार, लड़कियां सहेलियां थीं और प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा था कि उन्होंने अपने दुपट्टे से फांसी लगाई है.
अखिलेश यादव ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ” उप्र के फ़र्रूख़ाबाद में जन्माष्टमी उत्सव देखने निकली दो बच्चियों की लाशें पेड़ पर लटकी मिलना, एक बेहद संवेदनशील घटना है. भाजपा सरकार इस मामले में तत्काल निष्पक्ष जांच करे और हत्या के इस संदिग्ध मामले में अपनी आख्या प्रस्तुत करे. ऐसी घटनाओं से समाज में एक भयावह वातावरण बनता है, जो नारी समाज को मानसिक रूप से बहुत गहरा आघात पहुंचाता है.
महिला सुरक्षा पर जोर देते हुए अखिलेश ने राजनीति से ऊपर उठकर इस पर काम करने की वकालत की. उन्होंने कहा, ‘महिला सुरक्षा’ को राजनीति से ऊपर उठकर एक गंभीर मुद्दे के रूप में उठाने का अपरिहार्य समय आ गया है.
दरअसल कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के भगौतीपुर गांव की ये घटना है. यहां रहने वाले रामवीर की 18 वर्षीय बेटी बबली और महेंद्र की 16 वर्षीय बेटी शशि जनमाष्टमी का उत्सव देखने के लिए रात को निकली थीं। देर रात जब ये नहीं लौटीं तो परिजनों ने माना कि बुआ के घर रुक गई होंगीं.
लेकिन सुबह आम के बाग में दोनों की लाश लटकती मिली. एक ही दुपट्टे से दोनों के शव लटके पाए गए. मौके पर पुलिस पहुंच गई, फॉरेंसिक टीम ने भी अपनी जांच पड़ताल की. हत्या और आत्महत्या के सवाल पर पुलिस का कहना है कि पाोस्टमॉर्टम के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी.



