Ratnagiri Nurse rape case: कोलकाता के आरजी कर अस्पताल (RG Kar Hospital) में महिला डॉक्टर से दरिंदगी के बाद महाराष्ट्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. महाराष्ट्र के रत्नागिरी में एक ऑटो चालक ने कॉलेज जाने वाली 19 वर्षीय नर्सिंग छात्रा को नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ बलात्कार किया.
पुलिस ने बताया कि ऑटो ड्राइवर ने लड़की को नशीला पानी पिलाया और जब वह बेहोश हो गई तो उसे एक सुनसान जगह पर ले गया और उसके साथ रेप किया. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, नर्सिंग छात्रा ने अपने कॉलेज से घर जाने के लिए ऑटो बुक किया था लेकिन रास्ते में ड्राइवर ने उसके साथ रेप किया.(Ratnagiri Nurse rape case)
होश में आने के बाद पीड़िता ने अपने परिजनों को फोन किया. यह घटना तब हुई जब वह घर जाने के लिए ऑटो रिक्शा में बैठी थी. ऑटो चालक ने पहले उसे पानी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया. इसके बाद वह उसे एक सुनसान जगह पर ले गया. दुष्कर्म के बाद वह भाग निकला.
लड़की के परिवार ने सोमवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. इस घटना के बाद रत्नागिरी में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुआ और लोगों ने न्याय की मांग करते हुए सड़कें जाम कर दीं. पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से ड्राइवर की तलाश कर रही है. पीड़िता को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
यह घटनाएं ऐसे समय में हो रही हैं, जब 9 अगस्त को कोलकाता के सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में 31 वर्षीय प्रशिक्षु डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या के लिए न्याय की मांग को लेकर देश भर में विरोध प्रदर्शन जारी हैं.



