National news: यूपी से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक मां ने अपने इकलौते बेटे को गेम खेलने से मना किया जिससे नाराज होकर बेटे ने फांसी का फंदा लगाकर अपनी जान दे दी. मां को क्या पता था कि महज एक डांट से उसके घर का इकलौता चिराग बुझ जाएगा.
परिजनों ने बताया कि पहले बेटा फंदा लगाकर केवल डरा रहा था, लेकिन तभी फंदा सच में गले में कस गया और उसकी जान चली गई. पुलिस ने कागजी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
बतादें ये पूरा मामला बदौसा थाना क्षेत्र के महुराई गांव का है. यहां के रहने वाले आनंद किशोर का 16 वर्षीय बेटा विकास चित्रकूट जिले के एक कॉलेज में पढ़ता था. बीते दिन कॉलेज जाने की बजाय घर मे गेम खेल रहा था, जिसपर मां ने उसे पढ़ने के लिए कहा. दोनों में इस बात को लेकर बहस हो गई. आखिर में छात्र ने क्षुब्ध होकर गले मे फांसी का फंदा लगाकर जान दे दी.
कुछ देर बाद जब मां कमरे में आई तो देखा कि विकास फंदे पर लटका था. इकलौते बेटे का शव देख वह अचेत हो गई. परिवार के एक सदस्य ने बताया कि घर में निर्माण का काम चल रहा है. विकास पिछले कई दिनों से कॉलेज नही गया. दिनभर फ्री फायर गेम खेलता रहता था.
पहले छात्र गले मे फंदा डालकर डराने की कोशिश कर रहा था, लेकिन तभी फंदा कस गया और उसकी मौत हो गई. विकास के पिता गुजरात मे प्राइवेट नौकरी करते हैं. सूचना पाकर वह घर के लिए निकल पड़े. घटना के बाद परिवार में हाहाकार मचा हुआ है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. मामले की जाचं जारी है.



