शिमला, 29 नवंबर
गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत शिमला दौरे पर हैं।शिमला पहुंचे राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल से शुरू हुआ प्राकृतिक खेती का मिशन अब पूरे देश में चल रहा है और लोग प्राकृतिक खेती अपनाने लगे हैं।प्राकृतिक खेती अपनाने से उत्पादन में कमी नहीं आती, बल्कि किसानों की लागत काफी कम हो जाती है। प्राकृतिक खेती किसानों, पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद हैं।
जहर मुक्त खेती की अपील
शिमला में पत्रकारों से बातचीत में आचार्य देवव्रत ने कहा कि रासायनिक खादों और कीटनाशकों के अत्यधिक इस्तेमाल से जमीन की गुणवत्ता खराब हो रही है और इसका असर मानव स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। यूरिया, डीएपी और कीटनाशकों से खाद्यान्न, फल और सब्जियों में जहरीले तत्व पहुंच रहे हैं। पिछले 30-40 साल में कैंसर, हार्ट अटैक और किडनी फेल जैसी बीमारियां बढ़ी हैं।
राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने कहा कि प्राकृतिक खेती पांच सिद्धांतों पर आधारित है।बीजामृत से बीज उपचार, घनजीवामृत और जीवामृत का इस्तेमाल, मल्चिंग, अच्छादन और मल्टीक्रॉपिंग मुख्य सिद्धांत है।
गाय के गोबर से बढ़ा ऑर्गेनिक कार्बन
राज्यपाल गुजरात आचार्य देवव्रत ने कहा कि जैविक और प्राकृतिक खेती को एक जैसा समझना गलत है। जैविक खेती में बाहर से इनपुट खरीदने पड़ते हैं, जबकि प्राकृतिक खेती में किसान गाय के गोबर, गोमूत्र, गुड़, बेसन और खेत की मिट्टी से ही जीवामृत बना सकता है।उन्होंने बताया कि प्राकृतिक खेती से उनके खेत में ऑर्गेनिक कार्बन 0.234 से बढ़कर 1.7 तक पहुंच गया है। कीटों के लिए अग्निअस्त्र और ब्रह्मास्त्र जैसे पारंपरिक घोल काम आते हैं।
प्राकृतिक खेती को बढ़ावा
गुजरात में प्राकृतिक उत्पादों के लिए करीब 1500 केंद्र बनाए गए हैं, जहां किसानों को उचित दाम मिलता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे राष्ट्रीय प्राकृतिक कृषि मिशन के रूप में आगे बढ़ाया है। उन्होंने देश के किसानों से अपील की है कि वे अपनी जमीन के कम से कम एक हिस्से में परिवार के लिए प्राकृतिक खेती जरूर शुरू करें और अगर परिणाम अच्छे आते तो इसे पूरी तरह अपनाने का काम करें।
अन्य खबरें जानें –
Panchkula Spa Raid: सेक्टर-5 में देह व्यापार का भंडाफोड़, 4 युवतियां रेस्क्यू, 2 गिरफ्तार



