भिवानी, 26 नवंबर
भिवानी
टिकरी बॉर्डर पर किसानों का जमावड़ा
ओमप्रकाश ने कहा कि जब तक किसानों की मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक किसानों का संघर्ष जारी रहेगा।किसान आंदोलन के दौरान तीन कृषि कानूनों की वापसी के बाद सरकार की ओर से किसानों से किए गए वादे अब भी पूरे नहीं होने का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। इसी को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर टिकरी बॉर्डर पर बड़ा प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है। CPI(M) के जिला सचिव कामरेड ओमप्रकाश ने बताया कि अखिल भारतीय किसान सभा की ओर से भिवानी से सैकड़ों किसान इस प्रदर्शन में शामिल होने के लिए टिकरी बॉर्डर जाएंगे।
750 शहीद किसानों के स्मारक का वादा अधूरा
ओमप्रकाश ने कहा कि 9 दिसंबर 2021 को सरकार ने किसानों से MSP की संवैधानिक गारंटी देने, स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने, बिजली के निजीकरण पर रोक लगाने, किसान आंदोलन के दौरान शहीद हुए किसानों के परिवारों को मुआवजा देने और किसानों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने सहित कई वादे किए थे। इसके अलावा टिकरी बॉर्डर पर शहीद हुए 750 किसानों की याद में स्मारक बनाने का भी वादा किया गया था, लेकिन सरकार ने इन मांगों को पूरा नहीं किया।
4 राज्यों के किसान पहुंचेंगे टिकरी बॉर्डर
ओमप्रकाश ने कहा कि टिकरी बॉर्डर पर होने वाला यह प्रदर्शन किसान आंदोलन की छठी वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य तीन कृषि कानूनों के खिलाफ हुए ऐतिहासिक किसान आंदोलन और किसानों के संघर्ष को याद करने के साथ सरकार को उसके वादे याद दिलाना है। उन्होंने बताया कि इस प्रदर्शन में हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और राजस्थान सहित आसपास के राज्यों से हजारों किसान पहुंचेंगे।उन्होंने कहा कि किसानों की शहादत बेकार नहीं जाएगी और सरकार को किसानों से किए गए वादे पूरे करने ही होंगे।
मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा संघर्ष
जब तक किसानों की मांगें पूरी नहीं होतीं, उनका संघर्ष जारी रहेगा। इसके साथ ही कामरेड ओमप्रकाश ने लोकतंत्र और वोट के अधिकार को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज संविधान दिवस और वोट संरक्षण दिवस के तहत भी आवाज उठाई जा रही है। उनके अनुसार लोकतांत्रिक व्यवस्था को धनतंत्र में बदला जा रहा है और चुनाव में आर्थिक प्रलोभन देकर वोट हासिल करने की कोशिश की जा रही है।किसानों की लंबित मांगों और सरकार की कथित वादाखिलाफी को लेकर टिकरी बॉर्डर पर होने वाला यह प्रदर्शन एक बार फिर किसान आंदोलन के मुद्दों को चर्चा में ला रहा है। भिवानी से भी सैकड़ों किसानों के शामिल होने का दावा किया गया है। अब किसानों की नजर सरकार की ओर से उनकी मांगों पर की जाने वाली कार्रवाई पर रहेगी।
अन्य खबरें जानें –



