फरीदाबाद में स्ट्रीट फूड खाने के बाद दो भाइयों की बिगड़ी तबीयत, 8 वर्षीय मासूम की मौत; बड़ा भाई ICU में भर्ती

फरीदाबाद :  फरीदाबाद से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां चिप्स और चाउमीन खाने के बाद दो सगे भाइयों की…

फरीदाबाद :  फरीदाबाद से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां चिप्स और चाउमीन खाने के बाद दो सगे भाइयों की अचानक हालत बिगड़ गई। इस हादसे में 8 वर्षीय मासूम राघव ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि उसके 10 वर्षीय बड़े भाई कुनाल का अस्पताल के आईसीयू में इलाज जारी है। घटना के बाद से पूरे परिवार में मातम और कोहराम पसरा हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार, 21 नवंबर की शाम दोनों भाइयों ने चिप्स और चाउमीन खाया था। खाने के कुछ ही समय बाद जब दोनों घर लौटे, तो उन्हें अचानक उल्टियां होने लगीं। देखते ही देखते दोनों की स्थिति गंभीर हो गई, जिसके बाद परिजन घबरा गए और उन्हें तुरंत उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

अस्पताल में भर्ती किए जाने के बाद डॉक्टरों ने दोनों बच्चों का उपचार शुरू किया, लेकिन 8 वर्षीय राघव की हालत नाजुक बनी रही और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, 10 वर्षीय बड़े भाई कुनाल को अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है और उसकी हालत में अब सुधार बताया जा रहा है।

प्रारंभिक जांच में इस पूरे मामले के पीछे फूड प्वाइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलने पर डबुआ थाना पुलिस ने मौके और अस्पताल से जुड़ी जरूरी कार्रवाई करते हुए राघव के शव का पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है और रिपोर्ट सामने आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *