चंडीगढ़: शहर के सबसे पॉश इलाकों में शुमार सेक्टर-8 स्थित एक कोठी में लाखों रुपये की लूटपाट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। घर में अकेली मौजूद मालकिन किरण मित्तल को जहरीला पदार्थ देकर बेहोश किया गया और इसके बाद आरोपी घर से लाखों रुपये का कीमती सामान व मोबाइल फोन समेटकर फरार हो गए।
घरेलू सहायिका ने तीन साथियों संग रची लूट की साजिश
इस पूरी वारदात को अंजाम देने का गंभीर आरोप नेपाल मूल की करीब 23 वर्षीय युवती गोमा छेत्री पर लगा है, जिसे घर में घरेलू सहायिका के तौर पर काम पर रखा गया था। आरोप है कि गोमा छेत्री ने मौके का फायदा उठाते हुए अपने तीन अन्य पुरुष साथियों को घर पर बुलाया और उनके साथ मिलकर इस बड़ी लूटपाट की घटना को अंजाम दिया।
CCTV वीडियो में कैद हुई वारदात
अब इस लूटकांड से जुड़ा एक अहम CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपियों की संदिग्ध गतिविधियां साफ तौर पर दिखाई दे रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद चंडीगढ़ पुलिस हरकत में आ गई है और फुटेज को कब्जे में लेकर मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस टीम आरोपियों की भूमिका, पूरी वारदात की प्लानिंग और घर से लूटे गए कुल सामान का ब्योरा जुटाने के साथ-साथ फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।


