यमुनानगर, 24 नवंबर
उत्तर भारत के सबसे बड़े ऐतिहासिक और धार्मिक मेलों में शुमार कपालमोचन मेले का समापन हो गया। रात 12 बजते ही तीनों पवित्र सरोवरों में श्रद्धालुओं ने शाही स्नान किया। इस दौरान आसमान जमकर आतिशबाजी से रोशन हो उठा। जिला प्रशासन के दावे के मुताबिक मेले में 8 से 10 लाख श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान किया। बिहार के पूर्णिया से करीब 1700 किलोमीटर का सफर तय कर पहुंचे श्रद्धालु भी कपालमोचन के इतिहास और धार्मिक महत्व को देखने पहुंचे।
कपालमोचन में आस्था का सैलाब
पूरा कपालमोचन श्रद्धालुओं की आस्था के रंग में रंग गया। तीनों पवित्र सरोवरों में शाही स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। हर तरफ जयकारे और धार्मिक आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला।आसमान में हुई जमकर आतिशबाजी ने मेले के समापन को यादगार बना दिया। उत्तर भारत के सबसे बड़े ऐतिहासिक और धार्मिक मेलों में शामिल श्री कपालमोचन मेले का समापन श्रद्धा और उत्साह के साथ हुआ।
देशभर से पहुंचे लाखों श्रद्धालु
कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर देश के अलग-अलग राज्यों से लाखों श्रद्धालु यहां पहुंचे। जिला प्रशासन का दावा है कि इस बार मेले में करीब 8 से 10 लाख श्रद्धालुओं ने पवित्र सरोवरों में स्नान किया। कपालमोचन की खासियत सिर्फ यहां लगने वाला मेला ही नहीं, बल्कि इसका गौरवशाली इतिहास भी है। इस पवित्र धरती का संबंध सिख इतिहास की महान शख्सियतों, गुरु गोविंद सिंह जी और बाबा बंदा सिंह बहादुर सहित कई ऐतिहासिक गुरुओं और घटनाओं से जुड़ा हुआ है।
आस्था-इतिहास की अनूठी तस्वीर
यही वजह है कि यहां हर साल दूर-दराज से श्रद्धालु खींचे चले आते हैं। इस मेले में बिहार के पूर्णिया से करीब 1700 किलोमीटर का लंबा सफर तय करके पहुंचे एक श्रद्धालु ने बताया कि वह विशेष रूप से कपालमोचन मेले को देखने और यहां के इतिहास को जानने के लिए आया है। श्रद्धालु का कहना है कि कपालमोचन का इतिहास बेहद समृद्ध है और यहां गुरु साहिबानों से जुड़ी अनेक कथाएं प्रचलित हैं। आधी रात को हुए शाही स्नान और शानदार आतिशबाजी के साथ कपालमोचन मेले ने एक बार फिर आस्था, इतिहास और धार्मिक एकता की अनूठी तस्वीर पेश की।
अन्य खबरें जानें –
Horrific road accident in Kannauj: स्कूल बस को ट्रक ने मारी टक्कर, 4 बच्चों की मौत, 35 बच्चे घायल



