धर्मशाला, 17 नवंबर
धर्मशाला के तपोवन में विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन ही विपक्ष ने सुक्खू सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार के जाने का वक्त आ गया है और यह विधानसभा का आखिरी सत्र होगा। उन्होंने सरकार के चार साल के कार्यकाल को विकास के लिहाज से निराशाजनक बताते हुए चार साल के जश्न पर लाखों रुपये खर्च करने को लेकर भी सवाल उठाए।
जनता परेशान, सरकार जश्न की तैयारी में
जयराम ठाकुर ने विधानसभा परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार चार साल का जश्न मनाने की तैयारी कर रही है, जबकि इन चार वर्षों में हिमाचल विकास के मामले में पीछे चला गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में विकास कार्य ठप्प हैं और आम जनता को कोई राहत नहीं मिल रही। जश्न के नाम पर लाखों रुपये खर्च करने के बजाय सरकार को जनता के मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।
विकास की बदहाली पर सरकार से होगा सवाल
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि विपक्ष विधानसभा के पहले दिन से ही सरकार को जनविरोधी फैसलों पर घेरता आया है और आगे भी यह सिलसिला जारी रहेगा। भ्रष्टाचार, हिमाचल ऑन सेल, नशे का बढ़ता प्रचलन और प्रदेश में विकास कार्यों की बदहाली जैसे मुद्दे विपक्ष के निशाने पर रहेंगे। उन्होंने कहा कि मौजूदा विधानसभा से लेकर आगामी विधानसभा चुनाव तक विपक्ष इन मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगता रहेगा। सत्र को पहले बुलाए जाने पर भी उन्होंने आपत्ति जताई।
कांग्रेस सरकार के जाने का वक्त आ गया है। यह विधानसभा का आखिरी सत्र होगा। सरकार चार साल का जश्न मनाने जा रही है, लेकिन इन चार वर्षों में प्रदेश विकास के मामले में बहुत पीछे चला गया है।
अन्य खबरें जानें –



