पंचकूला, 15 नवंबर
हरियाणा राज्य महिला आयोग ने महिलाओं के प्रति अभद्र, अपमानजनक एवं अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल को लेकर सख्त रुख अपनाया है। आयोग की अध्यक्ष उषा प्रियदर्शनी ने सभी मीडिया संस्थानों, पत्रकारों, ऑनलाइन न्यूज चैनलों, सोशल मीडिया संचालकों और आमजन से महिलाओं के सम्मान और गरिमा का ध्यान रखने की अपील की है।
आयोग की ओर से जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि सोशल मीडिया और ऑनलाइन न्यूज प्लेटफॉर्म पर रिपोर्टिंग, चर्चा एवं टिप्पणियों के दौरान महिलाओं के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल चिंताजनक है।
- एडवाइजरी में मुख्य रूप से पांच बातों पर जोर दिया गया है।
- महिलाओं के बारे में सभ्य, मर्यादित और सम्मानजनक भाषा का प्रयोग किया जाए।
- किसी महिला के चरित्र, गरिमा और निजी जीवन पर टिप्पणी करने से बचें।
- खबरों की हेडलाइन, कैप्शन, थंबनेल, तस्वीरों और वीडियो में महिलाओं की गरिमा का ध्यान रखा जाए।
- महिलाओं का अपमान करने वाली सामग्री को साझा या प्रसारित न किया जाए।
- संवेदनशील मामलों में बेटियों और महिलाओं की तस्वीरें दिखाने से बचा जाए।
हरियाणा राज्य महिला आयोग ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं के सम्मान, अस्मिता और अधिकारों का हनन आयोग की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत गंभीर विषय है। आयोग ने सभी से अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ मर्यादा बनाए रखने और महिलाओं की गरिमा का सम्मान करने की अपील की है।
अन्य खबरें जानें –




