फरीदाबाद, 13 नवंबर
फरीदाबाद खेड़ी पुल थाना क्षेत्र की भारत कॉलोनी के पास रोड रेज को लेकर हुए विवाद में दो युवकों पर गोली चलाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दूसरी कार में सवार युवक ने पहले गाली-गलौज की और फिर पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। गोली लगने से प्रशांत (27) और प्रिंस (23) नाम के दो युवक घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए सेक्टर 21 के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले में एक युवक जसवंत पर गोली चलाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी गई है।
पार्किंग को लेकर विवाद
भारत कॉलोनी निवासी पीयूष ने जानकारी देते हुए बताया कि 12 नवंबर की रात करीब 10 बजे वह अपने भाई प्रिंस और प्रशांत व उसके साले के साथ दिल्ली रेलवे स्टेशन की तरफ बुआ को लेने के लिए जा रहे थे। घर से निकलते ही 100 मीटर दूर सेंट्रल बैंक के पास कई गाड़ियां खड़ी हुई थी। जहां पर कार के निकलने के लिए रास्ता नही था।
आरोपी ने 3 राउंड फायरिंग की
उन्होंने वहां पर खड़ी एक ब्रेजा कार से निकलने के लिए साइड मांगी । तो कार चला रहे युवक ने उनके सामने कार को लाकर खड़ा कर दिया। इसके बाद वह कार से निकलकर उनको गालियां देने लगा और उनके ऊपर पिस्टल तान दी। इस दौरान विवाद में उसने पिस्टल से तीन गोलियां चला दी। इसमें से दो गोलियां उनके दोनों भाईयों को लगी। गोली उसके भाई प्रशांत को गर्दन के पास और प्रिंस को छाती में लगी। गोली चलते ही अफरा-तफरी का माहौल हो गया।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए सेक्टर-21ए स्थित एशियन अस्पताल ले जाया गया। वहां दोनों को भर्ती कराया गया। पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाही करते हुए आरोपी जसवंत को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
अन्य खबरें जानें –



