अमृतसर, 7 नवंबर
त्योहारी सीजन को देखते हुए, अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने शहर के तीनों ज़ोन में बड़े पैमाने पर ‘फ्लैग मार्च‘ निकाला गया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अमृतसर पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य आम जनता के बीच सुरक्षा की भावना पैदा करना है।
सुरक्षा के लिए 3 जोन में नाकाबंदी
इस दौरान, सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए पुलिस बल ने शहर के कई प्रमुख और संवेदनशील इलाकों जैसे हेरिटेज स्ट्रीट, हॉल गेट और रंजीत एवेन्यू में फ्लैग मार्च निकाला। लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रखने के लिए कमिश्नरेट पुलिस के तीनों ज़ोन में विशेष ‘नाकाबंदी’ और सुरक्षा जांच बढ़ा दी गई है।
होटलों-PG में पुलिस की विशेष जांच
इसके अलावा, पेट्रोलिंग पार्टियों और PCR टीमों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए भीड़-भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त भी बढ़ा दी गई है।इन सुरक्षा उपायों के तहत, होटलों, गेस्ट हाउस, सराय और PG आवासों में भी विशेष जांच की जा रही है। पुलिस टीमों ने इन जगहों पर चेक-इन और चेक-आउट रजिस्टरों की बारीकी से जांच की, ताकि बाहर से आने वाले लोगों की जानकारी सत्यापित की जा सके और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नज़र रखी जा सके।
पार्किंग को लेकर पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
कमिश्नरेट पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि त्योहारों के दौरान वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग क्षेत्रों में ही पार्क करें। लोगों से आग्रह किया गया है कि वे सड़कों पर या ऐसी जगहों पर वाहन न पार्क करें जिससे यातायात में बाधा आए, ताकि शहर में ट्रैफिक सुचारू रूप से चलता रहे और किसी को भी आने-जाने में कोई परेशानी न हो।
संदिग्ध दिखे तो तुरंत पुलिस को बताएं
इसके अलावा, लोगों से अपील की गई है कि वे त्योहारों को भाईचारे, आपसी सद्भाव और पूरे अनुशासन के साथ मनाएं। यदि किसी को कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि दिखाई देती है, तो उसे बिना किसी देरी के तुरंत पुलिस को सूचित करना चाहिए। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने आम जनता को भरोसा दिलाया है कि त्योहारों के दौरान शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने और शहरवासियों को एक सुरक्षित माहौल देने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क और तैयार है।
अन्य खबरें जानें-



