चंडीगढ़/पटियाला, 29 अक्टूबर, 2026:
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और बिजली मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद के नेतृत्व में पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) ने अक्टूबर 2026 की मासिक इनोवेशन प्रतियोगिता के दौरान चयनित नवीन विचारों को व्यावहारिक रूप देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस दिशा में चयनित विचारों को प्रभावी ढंग से लागू करने, उनकी प्रगति की निगरानी करने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर लक्ष्यों को पूरा करने के लिए समर्पित टीम लीडर नियुक्त किए गए हैं।
प्रतियोगिता के दौरान पीएसपीसीएल ने कर्मचारियों के नवाचारपूर्ण विचारों को मान्यता देते हुए उन्हें प्रशंसा-पत्र देकर सम्मानित किया। इन विचारों का मुख्य उद्देश्य संगठन की कार्यक्षमता में सुधार करना, कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाना तथा उपभोक्ताओं को प्रदान की जाने वाली सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाना है। प्रशंसा-पत्र प्राप्त करने वाले कर्मचारियों के अतिरिक्त सात अन्य प्रतिभागियों को भी अपने-अपने विचारों के क्रियान्वयन के लिए टीम लीडर नियुक्त किया गया है। इन पहलों को धरातल पर उतारने के लिए पीएसपीसीएल ने एक व्यवस्थित कार्यान्वयन ढांचा तैयार किया है।
नियुक्त टीम लीडरों में मुख्य अभियंता/मीटरिंग इंजीनियर विकास शर्मा, उप मुख्य अभियंता इंजीनियर गुलशन चुटानी, उप मुख्य अभियंता इंजीनियर जसवीर धीमान, अधीक्षण अभियंता इंजीनियर परउपकार सिंह, अधीक्षण अभियंता इंजीनियर अमनदीप सिंह, अधीक्षण अभियंता इंजीनियर चरण कंवल सिंह, सीएओ/मुख्यालय सीएमए जसविंदर सिंह, सीएफओ सीए सुमित बंसल, एएसई इंजीनियर गुरविंदर सिंह, वरिष्ठ कार्यकारी अभियंता इंजीनियर हरमनदीप सिंह, एईई इंजीनियर प्रिंस कुमार, एईई इंजीनियर पियूष गर्ग, एईई इंजीनियर गौरव गुप्ता और एईई इंजीनियर ओंकारप्रीत सिंह शामिल हैं।
ये टीम लीडर अपने-अपने प्रोजेक्टों की योजना बनाने, संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने तथा चयनित विचारों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए जिम्मेदार होंगे। संबंधित विभागाध्यक्ष (एचओडी) इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन के लिए आवश्यक सहयोग और संसाधन उपलब्ध करवाएंगे। वहीं, नियुक्त टीम लीडर निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्यों को पूरा करने और अपेक्षित परिणाम हासिल करने की प्रमुख जिम्मेदारी निभाएंगे।
चयनित विचारों को लागू करने के दौरान यदि मौजूदा नियमों में संशोधन करने, नए नियम बनाने अथवा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की जरूरत पड़ती है, तो संबंधित निदेशक निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उचित कार्रवाई शुरू करेंगे। इससे नवाचारों को लागू करने में आने वाली प्रशासनिक एवं प्रक्रियागत बाधाओं को दूर करने में मदद मिलेगी।
इस कार्ययोजना के तहत सभी नियुक्त टीम लीडरों को 31 अक्टूबर, 2026 तक पीईआरटी (प्रोग्राम इवैल्यूएशन एंड रिव्यू टेक्नीक) चार्ट जमा करवाने के निर्देश दिए गए हैं। इस चार्ट में संबंधित परियोजनाओं की प्रस्तावित गतिविधियों, निर्धारित समय-सीमा, महत्वपूर्ण चरणों और कार्यान्वयन कार्यक्रम का विस्तृत विवरण शामिल होगा। इसके माध्यम से परियोजनाओं की नियमित निगरानी, कार्यों की प्रगति का आकलन और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।
इस पहल के माध्यम से पीएसपीसीएल का उद्देश्य कर्मचारियों की रचनात्मकता और नवाचारपूर्ण सोच को प्रोत्साहित करना, संगठनात्मक कार्यक्षमता को मजबूत बनाना तथा उपयोगी विचारों को ठोस एवं व्यावहारिक सुधारों में बदलना है। यह पहल कर्मचारियों की प्रतिभा को पहचानने, संगठन के विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और निरंतर सुधार की संस्कृति को बढ़ावा देने के प्रति पीएसपीसीएल की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

