सोनीपत, 27 अक्टूबर
सोनीपत में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान CIA -1 की टीम और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। घटना गांव तिहाड़ के नजदीक की है, जहां पुलिस को एक संदिग्ध बदमाश के मौजूद होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसी दौरान बाइक पर सवार एक युवक ने पुलिस टीम को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग के बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की।
दोनों तरफ से चले 7 राउंड फायर
पुलिस के मुताबिक, दोनों ओर से कुल सात राउंड फायरिंग हुई। इनमें तीन गोलियां बदमाश की तरफ से चलाई गईं, जबकि पुलिस ने चार राउंड फायर किए। इस दौरान बदमाश की एक गोली पुलिसकर्मी की छाती पर लगी। हालांकि, पुलिसकर्मी ने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी, जिसके कारण उसकी जान बच गई। गोली जैकेट में धंस गई, पुलिसकर्मी सुरक्षित रहा।
बदमाश के पैर में लगी गोली
डीसीपी क्राइम जितेंद्र गहलावत ने बताया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया। घायल अवस्था में उसे उपचार के लिए खानपुर स्थित मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान रजनीश के रूप में हुई है। वह सोनीपत जिले के गांव रोहट का रहने वाला बताया जा रहा है।
आरोपी पर एक दर्जन से ज्यादा मामले दर्ज
शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ हरियाणा और दिल्ली में लूट, अपहरण, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है।मौके की तलाशी के दौरान पुलिस ने दो पिस्टल, जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है। इसके अलावा घटनास्थल से आरोपी का मोबाइल फोन और हेलमेट भी मिला है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने इलाके को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि आरोपी गांव तिहाड़ के नजदीक किस उद्देश्य से पहुंचा था। क्या वह किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था, इसकी भी जांच की जा रही है।
अन्य खबरें जानें-



