नारनौल, 21 अक्टूबर
हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में आज सुबह मंगलमुखी किन्नर समाज के प्रधान विनोद सैनी की मौत हो गई। वह सुबह करीब 5 बजे डेरे पर फंदे से लटके मिले । विनोद सैनी को रेनबो अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से पहले विनोद सैनी का एक वीडियो भी सामने आया है। मामले को लेकर विनोद सैनी की पत्नी बबीता ने महक किन्नर, टीना और बुलबुल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस का कहना है कि विवाद के कारणों की जांच की जा रही है।
सुसाइड नोट और वीडियो की जांच करेगी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पंहुचीं और मामले की जांच शुरू की। पुलिस अधिकारी ने बताया कि विनोद सैनी की मौत की सूचना मिली थी। उनके पास से सुसाइड नोट मिलने की जानकारी भी सामने आई है। पूरी पूछताछ और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम सहित आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस विनोद सैनी की मौत के मामले में सुसाइड नोट, वीडियो और आपसी विवाद से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
बुलबुल ने दिया था डेरा, फिर शुरू हुए विवाद
विनोद सैनी की पत्नी बबीता ने बताया कि उनके पति कई वर्षों से किन्नर समाज के लोगों के साथ रहकर काम कर रहे थे। बबीता के अनुसार, शुरुआत में विनोद बुलबुल के यहां गाड़ी चलाते थे। बाद में वह धीरे-धीरे विवादों में घिरते चले गए और उनके पति पर कई तरह के आरोप लगाए जाने लगे।बबीता ने दावा किया कि नारनौल का डेरा भी बुलबुल ने उनके पति को दिया था, ताकि वह अपने परिवार का पालन-पोषण कर सकें। उन्होंने आरोप लगाया कि समय के साथ विवाद बढ़ता गया और उनके पति को मानसिक रूप से परेशान किया गया। बबीता ने महक किन्नर और टीना पर भी आरोप लगाए।
मृतक की पत्नी की निष्पक्ष जांच की मांग
हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित पक्षों का जवाब सामने आना बाकी है। बबीता ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने उनके परिवार को परेशान किया और उनके बच्चों को लेकर भी धमकियां दी गईं। उन्होंने संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की।
अन्य खबरें जानें –



