Palwal में बारिश के बाद DC-चेयरमैन ने किया मंडी का दौरा, आढ़तियों-किसानों को दिया मदद का भरोसा

पलवल, 16 अक्टूबर पलवल में हुई बारिश के बाद किसानों की फसलों को सुरक्षित रखने और अनाज मंडियों में खरीद व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के…

पलवल

पलवल, 16 अक्टूबर

पलवल में हुई बारिश के बाद किसानों की फसलों को सुरक्षित रखने और अनाज मंडियों में खरीद व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए पलवल जिला प्रशासन उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने दौरा किया।हरियाणा स्टेट वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के चेयरमैन रामकिशन शर्मा भी मौके पर मौजूद रहे। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने अनाज मंडियों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

चेयरमैन ने किया मंडी का दौरा

हरियाणा स्टेट वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के चेयरमैन रामकिशन शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार किसानों की धान और बाजरे की फसल की सुचारू खरीद सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का स्पष्ट उद्देश्य है कि मंडियों में अपनी फसल लेकर पहुंचने वाले किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर और संबंधित अधिकारियों के साथ पलवल तथा होडल की अनाज मंडियों का दौरा कर खरीद व्यवस्था का जायजा लिया गया।

किसानों को नहीं होगी कोई परेशानी

अचानक हुई भारी बारिश के कारण पलवल अनाज मंडी में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हुई, जिसके समाधान के लिए जिला प्रशासन, जन स्वास्थ्य विभाग, नगर पालिका तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी तत्काल सक्रिय हो गए और आगामी कार्यवाही शुरू कर दी। चेयरमैन रामकिशन शर्मा ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि बारिश के कारण खरीद प्रक्रिया प्रभावित न हो और किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य कर रहे हैं, ताकि किसानों और आढ़तियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

उपायुक्त ने दिए जल निकासी के सख्त निर्देश

उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि अचानक हुई भारी बारिश के कारण पलवल अनाज मंडी में जलभराव की स्थिति बनी, इसके बावजूद जिला प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पानी की निकासी के लिए आवश्यक संसाधन जुटाए। जन स्वास्थ्य विभाग और नगर पालिका सहित संबंधित विभागों की सहायता से जल निकासी का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडी परिसर में जमा पानी की निकासी जल्द  सुनिश्चित की जाए। इसके लिए टैंकरों, पंपों और ट्रैक्टर पंपों की सहायता ली जा रही है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का पूरा ध्यान किसानों की फसल को सुरक्षित रखने, मंडी में व्यवस्थाओं को सामान्य बनाए रखने और खरीद प्रक्रिया को सुचारू रूप से जारी रखने पर है।

किसानों की गीली फसल को सुखाने में मदद करेगा प्रशासन

उपायुक्त ने कहा कि हरियाणा स्टेट वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के चेयरमैन के साथ मंडी का दौरा कर किसानों और आढ़तियों की समस्याओं को मौके पर समझा गया है। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं, ताकि समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके। उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने मंडी एसोसिएशन, आढ़ती एसोसिएशन और किसानों को आश्वस्त किया कि बारिश के कारण यदि किसी किसान की फसल गीली होती है, तो उसे सुखाने में आवश्यक सहयोग दिया जाएगा। निर्धारित नियमों और गुणवत्ता मानकों के अनुसार फसल की खरीद सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

मंडियों में सफाई और जल निकासी पर DC का जोर

उपायुक्त ने कहा कि किसानों की मेहनत और उनकी उपज की सुरक्षा जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए मंडियों में उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग किया जा रहा है और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त प्रबंध भी किए जा रहे हैं। उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि प्रतिकूल मौसम की स्थिति में किसानों की फसलों को सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है। इसके लिए मंडियों में पहले से किए गए प्रबंधों के साथ-साथ जरूरत के अनुसार अतिरिक्त व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं। जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि किसानों की उपज को कम से कम नुकसान हो और खरीद कार्य निर्बाध रूप से चलता रहे। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों में साफ-सफाई, जल निकासी, फसलों को सुरक्षित रखने और खरीद प्रक्रिया से संबंधित सभी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए।

किसानों की सुविधा के लिए प्रशासन पूरी तरह समर्पित

अधिकारी आपसी तालमेल के साथ कार्य करें तथा किसी भी समस्या की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दें, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार और जिला प्रशासन किसानों की सुविधा और सहयोग के लिए पूरी तरह समर्पित हैं। किसानों को अपनी फसल बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग पूरी तत्परता से कार्य कर रहे हैं। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि प्रतिकूल मौसम के बावजूद मंडियों में खरीद व्यवस्था सुचारू बनी रहे और किसानों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।

अन्य खबरें जानें-

स्वीडन में CM सैनी से मिला सिख समुदाय का प्रतिनिधिमंडल, निवेश और रोजगार पर हुई चर्चा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *