Congress’s ‘Vote Thief, Quit Power’ campaign in Nuh: मुख्य चुनाव आयुक्त का फूंका पुतला, संविधान बचाने की लड़ाई

नूंह, 8 अक्टूबर नूंह में ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ अभियान के तहत कांग्रेस ने आज प्रदर्शन किया।नूंह में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए चुनाव…

नूंह

नूंह, 8 अक्टूबर

नूंह में ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ अभियान के तहत कांग्रेस ने आज प्रदर्शन किया।नूंह में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए चुनाव आयोग और भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका गया।प्रदर्शन में वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व सांसद अशोक तंवर विशेष रूप से शामिल हुए।

SIR के नाम पर कटे 14 करोड़ लोगों के वोट

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुराने बस स्टैंड स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय से होडल चौक तक पैदल मार्च निकाला। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।प्रदर्शन के दौरान मीडिया से बातचीत में अशोक तंवर ने आरोप लगाया कि पिछले करीब ढाई वर्षों के दौरान SIR प्रक्रिया के नाम पर 13 से 14 करोड़ मतदाताओं के वोट काटे गए हैं।

चुनाव आयोग पर लगाए मिलीभगत के आरोप

अशोक तंवर ने आरोप लगाया कि भाजपा के समर्थन में नहीं रहने वाले मतदाताओं को कथित रूप से चुनाव आयोग से मिलीभगत कर चिन्हित किया जा रहा है और उनके वोट काटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी पिछले तीन-चार वर्षों से लगातार इस मुद्दे को उठा रहे हैं। अब मीडिया ने भी इस मामले को सामने लाने का काम किया है। राहुल गांधी द्वारा जंतर-मंतर और संसद पर प्रदर्शन कर चुनाव आयोग का घेराव किए जाने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस मामले में उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए हैं, लेकिन इंडिया गठबंधन के सभी घटक दल उनके साथ खड़े हैं।

अशोक तंवर ने भाजपा पर किया हमला

अशोक तंवर ने आरोप लगाया कि देश तानाशाही की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जिस तरह देश की जनता ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष किया था, उसी प्रकार जनता भाजपा के खिलाफ भी लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हाईकमान के निर्देश पर देशभर के जिला मुख्यालयों पर ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ अभियान के तहत प्रदर्शन और पुतला दहन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई संविधान और लोकतंत्र को मजबूत करने की है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने संविधान के माध्यम से प्रत्येक भारतीय को मताधिकार का अधिकार दिया है। यदि नागरिकों का वोट देने का अधिकार ही सुरक्षित नहीं रहेगा तो देश का सामाजिक ताना-बाना कैसे मजबूत रहेगा।

मुख्य चुनाव आयुक्त पर साधा निशाना

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए तंवर ने उनके खिलाफ भी कई आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार को जल्द से जल्द पद छोड़ना पड़ेगा और कांग्रेस की यह लड़ाई तब तक जारी रहेगी, जब तक उनका इस्तीफा नहीं होता। कांग्रेस नेता ने दावा किया कि देश और प्रदेश की जनता सरकार से परेशान हो चुकी है तथा राजनीतिक परिस्थितियां बदल रही हैं। उन्होंने कहा कि लोग अब कांग्रेस की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रहे हैं।

अन्य खबरें जानें-

Congress protests in Yamunanagar: चुनाव आयुक्त का फूंका पुतला, वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का आरोप

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *