पलवल, 5 अक्टूबर
पलवल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अपहरण, जानलेवा हमला, मारपीट और लूटपाट के संगीन चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल I-20 कार, नंबर प्लेट, हथौड़े और डंडे बरामद किए हैं।
भतीजे चिंटू का किया अपहरण
पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर 2026 को गांव करमन निवासी देवीराम ने थाना होडल में शिकायत दी थी कि वह अपने भतीजे चिंटू के साथ बाजार जा रहा था। इसी दौरान अग्रवाल धर्मशाला के पास आरोपियों ने हथियार के बल पर चिंटू का अपहरण कर लिया। आरोपी उसे गाड़ियों में ले गए और उसके साथ मारपीट कर मोबाइल फोन व 1500 रुपये नकद लूट लिए। इसके बाद गांव करमन ले जाकर हथौड़ों और डंडों से उस पर जानलेवा हमला किया तथा जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
CIA स्टाफ ने चारों आरोपियों को किया गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच CIA स्टाफ होडल को सौंपी गई। पुलिस ने पहले विष्णु निवासी शिव कॉलोनी होडल को गिरफ्तार किया। इसके बाद 3 अक्टूबर को पारस निवासी शिव कॉलोनी होडल, नीरज उर्फ पप्पू उर्फ हंसू डॉक्टर निवासी करमन, मोनू उर्फ पपला निवासी करमन और डालचंद उर्फ डालू निवासी करमन को वारदात में प्रयुक्त I-20 कार सहित गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों पर पहले से आपराधिक मामले दर्ज
पुलिस ने आरोपियों को दो दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की। उनकी निशानदेही पर कार की नंबर प्लेट और वारदात में इस्तेमाल हथौड़े व डंडे बरामद किए गए। बरामदगी के दौरान एक आरोपी ने पुलिसकर्मियों को धक्का देकर उजीना ड्रेन में छलांग लगा दी, जिससे उसके पैर में चोट आई। आरोपियों के पहले भी कईं मामले दर्ज हैं। सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
अन्य खबरें जानें –
NCTE issue escalates in Haryana: छात्र-प्रशासन आमने-सामने , हाईकोर्ट में अगली सुनवाई 13 अक्टूबर को



