गुरूग्राम, 5 अक्टूबर
गुरूग्राम में हरियाणा सरकार और राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE) के बीच कॉलेज की मान्यता को लेकर चल रहे विवाद के बीच छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। अपनी मांगों को लेकर नाराज छात्रों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ जम कर नारेबाजी की। मामले की सूचना मिलते ही वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे।
NCTE मान्यता मामला उलझा
मौके पर पंहुचे अधिकारी ने बताया कि हरियाणा सरकार ने पूर्व में NCTE के समक्ष मान्यता के लिए आवेदन किया था। NCTE की 325वीं बैठक में भी इस विषय पर चर्चा हुई थी और वीडियोग्राफी कराने के निर्देश जारी किए गए थे। हालांकि, कोरोना काल के दौरान समय-सीमा में आए व्यवधान और तकनीकी पेचों के कारण यह मामला उलझ गया।NCTE के अधिकारी की माने तो छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने इन छात्रों को अन्य कॉलेजों में स्थानांतरित करने का प्रस्ताव NCTE को भेजा था।
हाईकोर्ट में अगली सुनवाई 13 अक्टूबर को
वर्तमान में यह मामला पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में कपिल नाथ बनाम यूनियन ऑफ इंडिया के नाम से विचाराधीन है। सरकार की ओर से इस मामले में पैरवी के लिए खुद एडवोकेट बीआर मल्होत्रा कोर्ट में पेश हुए हैं। उन्होंने बताया कि तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल, वर्तमान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और शिक्षा मंत्री ने इस विषय में केंद्रीय मंत्रालय और NCTE को कई बार पत्र लिखे हैं। कोर्ट में अगली सुनवाई 13 अक्टूबर को तय की गई है।
अधिकारियों ने दिया समाधान का आश्वासन
छात्रों द्वारा लगाए गए आरोपों का खंडन करते हुए अधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रशासन या सरकार की तरफ से किसी भी प्रकार की हेरफेर या वादाखिलाफी नहीं की जा रही है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि सड़क जाम करने के बजाय वे फुटपाथ या परिसर के भीतर बैठकर शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखें। प्रशासनिक अधिकारियों ने छात्रों के एक प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए आमंत्रित किया, जिसके बाद छात्र अधिकारियों से बातचीत करने के लिए परिसर के भीतर गए। प्रशासन का कहना है कि वे छात्रों की समस्याओं का उचित समाधान निकालने के लिए पूरी तरह से प्रयासरत हैं।
अन्य खबरें जानें –



