रेवाड़ी , 8 सितंबर
रेवाड़ी के धारूहेड़ा क्षेत्र के गांव भटसाना स्थित करीब 14 एकड़ के फार्म हाउस की डेयरी में तीन फीट गहरे गड्ढे से युवक का शव मिलने के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस फिलहाल तीन बिंदुओं पर जांच कर रही है। शुरुआती जांच में चोरी के शक में युवक की पिटाई के बाद मौत होने की आशंका सबसे अधिक जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान राजस्थान के अलवर जिले के दमदमा निवासी निसार (33) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक रविवार को धारूहेड़ा के नंदरामपुर बास रोड पर दो युवकों ने निसार को चोरी के शक में पकड़ा और उसके साथ मारपीट की। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।
इसके बाद पुलिस केस के डर से शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई गई। जांच में सामने आया है कि दोनों युवकों ने फार्म हाउस संचालक के बेटे से संपर्क किया। उसकी सहमति के बाद कार में शव को भटसाना स्थित फार्म हाउस लाया गया और डेयरी में करीब तीन फीट गहरा गड्ढा खोदकर दफना दिया गया।
फार्म हाउस गांव फाजिलपुर निवासी अरुण उर्फ मन्नु का बताया जा रहा है, जिसने करीब 14 एकड़ जमीन पट्टे पर ले रखी है और वहां खेती के साथ डेयरी चलाता है। आरोपियों ने शव को डेयरी में इसलिए दफनाया, क्योंकि वहां मृत पशुओं को भी दफनाया जाता है। उन्हें उम्मीद थी कि शव से बदबू आने पर भी किसी को शक नहीं होगा।
हालांकि, डेयरी में काम करने वाले कर्मचारियों ने सफेद कार से शव उतारकर दफनाते हुए देख लिया और पुलिस को सूचना दे दी। इसके बाद पुलिस ने रात में मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में खुदाई कर शव बाहर निकाला। शव के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस चोरी के शक में पिटाई के अलावा यह भी जांच कर रही है कि कहीं मृतक आरोपियों का जानकार या दोस्त तो नहीं था और पार्टी के दौरान हुए विवाद में उसकी मौत हुई हो।
इसके अलावा रंजिश, लेनदेन और प्रेम प्रसंग के एंगल से भी जांच की जा रही है। पुलिस ने डेयरी कर्मचारियों के बयान के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। फार्म हाउस मालिक और उसका बेटा फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।
अन्य खबरें जानें –
ਫਿਰੋਜ਼ਪੁਰ ਪੁਲਿਸ ਦੀ ਵੱਡੀ ਕਾਰਵਾਈ: ਨਸ਼ਾ ਵਿਰੋਧੀ ਮੁਹਿੰਮ ਤਹਿਤ 1.964 ਕਿੱਲੋਗ੍ਰਾਮ ‘ਆਈਸ’ ਅਤੇ ਕਾਰ ਸਮੇਤ 1 ਕਾਬੂ



