कलायत , 7 सितंबर
कलायत नगरपालिका प्रशासन और पुलिस बल द्वारा शहर में चलाए गए विशेष सफाई अभियान के दौरान तीखा विरोध देखने को मिला। सोमवार को प्रशासन ने शहर में जगह-जगह लगे कूड़े के ढेरों को JCB (पीले पंजे) की मदद से उठवाने का कार्य शुरू किया, जिसका सफाई कर्मचारियों ने कड़ा विरोध किया।
विरोध प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने जमकर नारेबाजी की और प्रशासनिक कार्रवाई के खिलाफ अपनी गिरफ्तारी दी।सफाई कर्मचारियों ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि जब तक सरकार या प्रशासन की ओर से उन्हें पक्का (नियमित) करने का लिखित फरमान जारी नहीं किया जाता, तब तक उनका यह आंदोलन लगातार जारी रहेगा।
पिछले कुछ समय से सफाई कर्मचारियों द्वारा अपनी विभिन्न मांगों, मुख्य रूप से पक्का करने को लेकर संघर्ष किया जा रहा है। सोमवार को जब नगरपालिका के अधिकारी पुलिस बल के साथ शहर में कचरा उठवाने के लिए पहुंचे, तो कर्मचारियों ने इसे उनकी आजीविका और चल रहे आंदोलन को दबाने की कोशिश बताया।
कर्मचारियों का कहना है कि प्रशासन सफाई के नाम पर खानापूर्ति कर रहा है, जबकि उनकी मुख्य मांगें लंबे समय से ठंडे बस्ते में पड़ी हैं। विरोध प्रदर्शन उग्र होने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारी कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया। कर्मचारियों ने थाने या गिरफ्तारी के बावजूद अपने तेवर ढीले नहीं किए हैं। यूनियन नेताओं ने दो टूक कह दिया है कि प्रशासन चाहे जितने भी प्रयास कर ले, जब तक उनकी मांगों पर लिखित समझौता नहीं होता, वे काम पर नहीं लौटेंगे और आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस घटना के बाद कलायत नगर में तनाव का माहौल है और प्रशासन के सामने सफाई व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ कर्मचारियों को मनाने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।
अन्य खबरें जानें –



