हिसार, 5 सितंबर
हिसार स्थित पावन बिश्नोई मंदिर में श्री गुरु जम्भेश्वर भगवान के 576वें जन्मोत्सव एवं श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर भव्य जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर युवा नेता भव्य बिश्नोई ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
इसमें अनेक जनप्रतिनिधियों, संत समाज, बिश्नोई समाज के गणमान्य लोगों एवं श्रद्धालुओं ने भाग लिया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि श्री गुरु जम्भेश्वर भगवान के 576वें जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित इस भव्य महोत्सव में उपस्थित होना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने गुरु जम्भेश्वर भगवान के चरणों में नमन करते हुए कहा कि जो भी महाराज ने सैकड़ों वर्ष पहले मानव जीवन को प्रकृति, जीव-जंतुओं और पर्यावरण के साथ संतुलन बनाकर जीने का जो संदेश दिया था, वह आज के आधुनिक युग में भी उतना ही प्रासंगिक है।
उन्होंने कहा कि गुरु जम्भेश्वर भगवान के 29 नियम केवल बिश्नोई समाज की आचार-संहिता नहीं हैं, बल्कि मानवता के लिए जीवन जीने की वैज्ञानिक एवं सामाजिक व्यवस्था हैं। सत्य, स्वच्छता, जीव-दया, नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण और सदाचार जैसे सिद्धांत आज पूरे विश्व के लिए मार्गदर्शक बन सकते हैं।
डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि बिश्नोई समाज ने गुरु जम्भेश्वर भगवान की शिक्षाओं को केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि पीढ़ी-दर-पीढ़ी अपने आचरण में उतारा है। खेजड़ली का ऐतिहासिक बलिदान तथा वन्यजीवों एवं प्रकृति की रक्षा के लिए समाज का समर्पण पूरी मानवता के लिए प्रेरणादायक है।
उन्होंने हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं बिश्नोई रत्न स्वर्गीय चौधरी भजनलाल जी को याद करते हुए कहा कि उन्होंने बिश्नोई समाज को नई पहचान और व्यापक राजनीतिक शक्ति देने के साथ-साथ हरियाणा के विकास तथा किसानों, गरीबों, पिछड़े एवं वंचित वर्गों के हितों के लिए महत्वपूर्ण कार्य किया।
डॉ. अरविंद शर्मा ने युवा नेता भव्य बिश्नोई की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने कम उम्र में राजनीति और जनसेवा के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है। युवाओं के साथ सीधे संवाद, कार्य करने की ऊर्जा और लोगों से जुडऩे की क्षमता उनकी विशेषता है।
कार्यक्रम के अंत में गुरु जम्भेश्वर भगवान के 29 नियमों, जीव रक्षा, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, नशामुक्ति और सामाजिक सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। भव्य बिश्नोई ने आयोजन के लिए बिश्नोई सभा हिसार एवं सभी आयोजकों का आभार व्यक्त किया।
अन्य खबरें जानें –



