पलवल, 5 सितंबर
इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला इन दिनों जननायक चौधरी देवीलाल के जन्मदिन एवं सम्मान दिवस समारोह को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार जनसंपर्क कर रहे हैं। इसी कड़ी में अभय चौटाला दिघोट, बहिन, भिड़ूकी और होडल सहित कई गांवों में पहुंचे। यहां उन्होंने इनेलो कार्यकर्ताओं, ग्रामीणों और समर्थकों से मुलाकात की और 27 सितंबर को नूंह में आयोजित होने वाले ताऊ देवीलाल सम्मान दिवस समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
गांवों में आयोजित सभाओं के दौरान अभय चौटाला ने प्रदेश सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए और स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। अभय चौटाला के गांवों में पहुंचने पर इनेलो कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
इस दौरान महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।वहीं, जनसंपर्क अभियान के दौरान अभय चौटाला पिछले महीने दिवंगत हुए जेलदार ओमकार सिंह के होडल स्थित निवास पर भी पहुंचे। उन्होंने दिवंगत ओमकार सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
फिलहाल 27 सितंबर को नूंह में होने वाले ताऊ देवीलाल सम्मान दिवस समारोह को लेकर इनेलो कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में समारोह में पहुंचने का भरोसा दिलाया है।
अन्य खबरें जानें –
शिक्षक दिवस के अवसर पर 75 शिक्षकों को राज्य पुरस्कारों से सम्मानित करेगी मान सरकार : हरजोत सिंह बैंस



