कुरुक्षेत्र, 22 अगस्त
धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। ताजा मामला सेक्टर-3 की कोठी नंबर 13 का है, जो CM आवास के बेहद नजदीक स्थित है। यहां 19 अगस्त को दिनदहाड़े एक चोर दीवार फांदकर घर में घुसा और करीब दो घंटे तक घर के कमरों के ताले तोड़कर सामान खंगालता रहा। चोरी की पूरी वारदात घर में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई।
CCTV फुटेज के मुताबिक, 19 अगस्त की सुबह करीब 10:38 बजे एक युवक घर की दीवार फांदकर अंदर दाखिल होता दिखाई दे रहा है। इसके बाद आरोपी ने मुख्य दरवाजे का ताला खुरपी और प्लास की मदद से तोड़ा और घर के अंदर प्रवेश किया। आरोपी ने एक-एक कर अन्य कमरों के ताले भी तोड़े और अलमारियों में रखा सामान निकालकर बेड पर बिखेर दिया।
फुटेज में आरोपी को दिनदहाड़े बेखौफ होकर घर के अंदर घूमते हुए देखा जा सकता है।यह मकान कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग के पूर्व चेयरमैन प्रोफेसर वी.एन. अत्री का बताया जा रहा है। प्रोफेसर अत्री पिछले करीब तीन महीनों से अपनी पत्नी के साथ अमेरिका में रह रहे हैं, जहां वे अपने बेटे और बेटी से मिलने गए हुए हैं।
परिजनों के मुताबिक, उनकी गैरमौजूदगी में उनका जानकार युवक चिराग घर में रात के समय सोने के लिए आता था। वह रोजाना घर की लाइटें जलाकर जाता था, ताकि बाहर से देखने पर ऐसा लगे कि घर में कोई मौजूद है। हालांकि, 14 अगस्त को चोट लगने के बाद चिराग ने घर में आना बंद कर दिया था। इसके बाद घर के बाहर लगातार ताला लटका देखकर चोरों ने वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई होने की आशंका जताई जा रही है।
चिराग ने बताया कि 19 अगस्त की रात जब वह घर पहुंचा और ताला खोलकर अंदर जाने लगा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो कमरों के ताले भी टूटे हुए थे और घर का सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घर की बारीकी से जांच कर साक्ष्य और नमूने एकत्र किए। संबंधित थाना पुलिस के साथ-साथ CIA टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की।चोर ने वारदात के दौरान घर में लगे CCTV कैमरों को बंद कर दिया था, लेकिन उसने DVR वहीं छोड़ दिया।
बाद में DVR को दोबारा कनेक्ट करने पर चोरी की पूरी वारदात सामने आई और आरोपी की गतिविधियां कैमरे में रिकॉर्ड मिलीं।कुरुक्षेत्र में प्रोफेसर अत्री के रिश्तेदार और इमेजंस मोबाइल के संचालक राजेश कौशिक टीटू ने बताया कि चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस को जानकारी दी गई थी। उन्होंने वीडियो कॉल और मोबाइल के माध्यम से अमेरिका में मौजूद प्रोफेसर अत्री से लगातार संपर्क कर घर में रखे सामान की जानकारी ली।
परिजनों की जानकारी के आधार पर घर में बिखरे सामान की जांच की गई।प्राथमिक जांच में नकदी और ज्वैलरी समेत कई महत्वपूर्ण सामान घर में ही मिला है, जिससे परिजनों को कुछ राहत मिली है। हालांकि, घर से वास्तव में क्या-क्या सामान चोरी हुआ है और कुल कितना नुकसान हुआ है, इसका सही आकलन प्रोफेसर अत्री और उनकी पत्नी के अमेरिका से लौटने के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल, सीएम आवास के नजदीक दिनदहाड़े घर में घुसकर करीब दो घंटे तक चोरी की वारदात को अंजाम देने की इस घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है।
अन्य खबरें जानें –
कैथल में पटवारियों का विरोध प्रदर्शन जारी, पटवार भवन पर लटके रहे ताले, काम-धंधे ठप

