बहादुरगढ़, 20 अगस्त
थाना सेक्टर-6 बहादुरगढ़ पुलिस ने सैनिक नगर निवासी सुमित उर्फ सोनू की हत्या के मामले में तत्परता से कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर नामजद आरोपी पवन निवासी औरंगाबाद, बिहार को गिरफ्तार किया तथा दूसरे नाबालिग आरोपी को भी नियमानुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया।
मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रबंधक उप निरीक्षक सत्यवीर ने बताया कि 18 अगस्त 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि सेक्टर-6 बहादुरगढ़ क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव नाले के पास पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देरी किए मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक की पहचान सैनिक नगर निवासी सुमित उर्फ सोनू के रूप में हुई। मृतक के सिर पर चोट के निशान तथा मौके पर खून से सने पत्थर मिले थे।
मृतक की पत्नी की शिकायत पर थाना सेक्टर-6 बहादुरगढ़ में हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। शिकायत में बताया गया था कि मृतक को उसके दोस्त अपने साथ लेकर गए थे। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, घटनास्थल से मिले भौतिक साक्ष्यों और उपलब्ध जानकारी के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया तथा आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की।
पुलिस टीम की तत्परता और लगातार किए गए प्रयासों के चलते वारदात के 24 घंटे के अंदर नाबालिग सहित दोनों आरोपियों को पुलिस ने काबू कर लिया। आरोपी पवन को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई, जबकि दूसरे आरोपी के नाबालिग होने के कारण उसे नियमानुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी पवन से वारदात से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। आरोपी को अदालत में पेश करके एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान वारदात के संबंध में गहनता से पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों व साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है।पुलिस द्वारा मामले की जांच लगातार जारी है।
अन्य खबरें जानें –



