दिल्ली, 19 अगस्त
देश के कई राज्यों में मानसून की भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित है। उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में बारिश के कारण जलभराव, लैंडस्लाइड और सड़कें बंद होने की घटनाएं सामने आई हैं। नदियों का पानी उफान पर है। लोगों के घरों औऱ दुकानों में पानी घुस चुका है।
प्रयागराज में घरों में घुसा पानी
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में लगातार तीसरे दिन बारिश का दौर जारी है। कई लोगों के घरों के अंदर पानी पहुंच चुका है । जिले के सभी स्कूल बंद है। वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से पानी मणिकर्णिका और हरिश्चंद्र घाट तक पहुंच गया है। इसके चलते ऊपरी सीढ़ियों पर अंतिम संस्कार कराया जा रहा है।
बिहार में स्कूल के चार कमरे नदी में समाए
बिहार में गंडक नदी के तेज कटाव ने एक प्राथमिक स्कूल को अपनी चपेट में ले लिया। स्कूल के पांच में से चार कमरे नदी में बह गए हैं। अब स्कूल का बचा हुआ हिस्सा भी कटाव के खतरे में है। आज मौसम विभाग ने बिहार में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
हिमाचल और उत्तराखंड में लैंडस्लाइड
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर में भारी बारिश के बीच लैंडस्लाइड से तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक ट्रक चालक और नेपाल के दो मजदूर शामिल हैं। बारिश और भूस्खलन के कारण राज्य में 88 सड़कें बंद हैं। सिरमौर के संगड़ाह में एक स्कूल की छत का प्लास्टर गिरने से कक्षा में पढ़ रही एक बच्ची घायल हो गई। बच्ची के सिर में गंभीर चोट आई, जिसके बाद अस्पताल में उसके सिर पर 11 टांके लगाए गए।
उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल में भी लैंडस्लाइड से तीन लोगों की मौत हुई है। राज्य में बारिश और भूस्खलन के कारण 124 सड़कें बंद हैं। देहरादून में स्वारना नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से ट्रेकिंग पर गए यूपीईएस यूनिवर्सिटी के छह छात्र नदी के बीच फंस गए। जिसे SDRF की टीम ने रस्सियों की मदद से सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला।
चमोली टनल हादसे में मरने वालों की संख्या 10
उत्तराखंड के चमोली जिले में टीएचडीसी की पीपलकोटी-विष्णुगाड जल विद्युत परियोजना की टनल से मंगलवार को दो और शव बरामद किए गए। इसके साथ ही हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है।13 अगस्त को हुए भूस्खलन के बाद टनल में 22 श्रमिक फंस गए थे। करीब 117 घंटे चले बचाव अभियान के बाद सभी लापता श्रमिकों को बाहर निकाला गया। 12 श्रमिकों को सुरक्षित बचाकर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
चंडीगढ़-ट्राइसिटी में जलभराव
चंडीगढ़ और मोहाली में मंगलवार शाम हुई तेज बारिश से कई इलाकों में जलभराव हो गया। कई जगहों पर एक से डेढ़ फुट तक पानी भर गया। चंडीगढ़ के सेक्टर-28 बी में सड़क धंस गई, जबकि सेक्टर-22 की मोबाइल मार्केट में दुकानों के अंदर पानी घुस गया।
मोहाली के कई इलाकों में ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही।पंचकूला में नाडा साहिब गुरुद्वारे के पास पुलिस ट्रेनिंग कैंप का एक पुल बह गया।
मध्य प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश के टीकमगढ़, पन्ना और नरसिंहपुर में बुधवार को अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अगले 24 घंटे में इन जिलों में 4 से 8 इंच तक बारिश होने की संभावना है। जबलपुर समेत 12 जिलों में भी भारी बारिश का अनुमान है।
राजस्थान और जम्मू-कश्मीर में भी बारिश का अलर्ट
राजस्थान में बुधवार को जयपुर समेत 10 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। अगले तीन दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। 20 से 23 अगस्त के बीच जयपुर और भरतपुर संभाग में बारिश का ज्यादा असर देखने को मिल सकता है।
जम्मू-कश्मीर के शोपियां, कुपवाड़ा समेत ऊपरी इलाकों में भी बारिश दर्ज की गई है। जम्मू संभाग के लिए ऑरेंज अलर्ट और कश्मीर के लिए 19 से 21 अगस्त तक येलो अलर्ट जारी किया गया है।
लगातार बारिश और भूस्खलन के बीच प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।
अन्य खबरें जानें-



