पानीपत, 17अगस्त
पानीपत की ऑफिसर्स कॉलोनी में सोमवार को पौधारोपण अभियान का शुभारंभ केंद्रीय ऊर्जा मंत्री एवं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पौधा लगाकर किया। इस दौरान उन्होंने आमजन, युवाओं और बच्चों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल एक दिन की औपचारिकता नहीं, बल्कि जीवन और भविष्य को सुरक्षित रखने की जरूरत है।केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पानीपत में एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य सराहनीय है और अभियान के तहत एक दिन में हजारों पौधे लगाए जा रहे हैं।
मंत्री ने जिला प्रशासन, पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, बच्चों, युवाओं और सभी गणमान्य लोगों का इस अभियान से जुड़ने के लिए आभार जताया।
‘जेन जी’ पर बोले मनोहर लाल
युवाओं की भूमिका पर बोलते हुए मनोहर लाल ने ‘जेन जी’ का उल्लेख करते हुए कहा कि जेन जी पहले भी समाज से जुड़ी रही है, आज भी जुड़ी है और आगे भी जुड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि हमें खुद को जेन जी से अलग नहीं समझना चाहिए। युवा होने का आकलन केवल आयु से नहीं, बल्कि मन से होता है। यदि मन में तेज, समाज व देश के लिए काम करने की क्षमता बनी रहे तो व्यक्ति हमेशा युवा रहता है।
उन्होंने कहा कि युवा शक्ति को हमेशा आगे रखा गया है। इस आयु वर्ग में जो ऊर्जा और क्षमता होती है, उसका भरपूर उपयोग समाज और देश के हित में किया जाना चाहिए।
‘कोविड ने समझाई ऑक्सीजन की कीमत’
पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर जोर देते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि परिवार में बुजुर्ग और छोटे बच्चे हर व्यक्ति पौधा नहीं लगा सकता, इसलिए युवाओं को उनके नाम पर भी पौधे लगाने चाहिए। यदि पर्याप्त संख्या में पेड़ नहीं लगाए गए तो आने वाले समय में गंभीर संकट पैदा हो सकते हैं।उन्होंने कोविड काल को याद करते हुए कहा कि कुछ वर्ष पहले कोरोना महामारी के दौरान सबसे बड़ी जरूरत ऑक्सीजन की सामने आई थी। लोगों को ऑक्सीजन सिलेंडर और पाइपलाइन के जरिए ऑक्सीजन उपलब्ध करानी पड़ी। उद्योगों तक को बंद कर ऑक्सीजन उत्पादन को प्राथमिकता देनी पड़ी। उन्होंने कहा कि इस संकट ने यह स्पष्ट कर दिया कि ऑक्सीजन और पर्यावरण हमारे जीवन के लिए कितने महत्वपूर्ण हैं।
लगातार चलाना होगा पौधारोपण अभियान
मनोहर लाल ने कहा कि पेड़ लगाना कोई सामान्य नारा या औपचारिकता नहीं है। यह स्वस्थ जीवन के लिए आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि पौधारोपण अभियान को केवल एक दिन तक सीमित न रखें, बल्कि लगातार पौधे लगाएं और उनकी देखभाल भी सुनिश्चित करें।उन्होंने कहा कि यदि समाज का प्रत्येक व्यक्ति पर्यावरण संरक्षण को अपनी जिम्मेदारी समझकर आगे आएगा तो इसका लाभ आने वाली पीढ़ियों को मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों, युवाओं और अन्य गणमान्य लोगों ने भी पौधे लगाए।
अन्य खबरें जानें –
ਅੰਮ੍ਰਿਤਸਰ ਦੇ ਸ਼ਿਵਾਲਾ ਬਾਗ ਭਾਈਆਂ ਵਿਖੇ ਸਾਵਣ ਸੋਮਵਾਰ, ਨਾਗ ਪੰਚਮੀ ਦੇ ਤਿਉਹਾਰ ‘ਤੇ ਉਮੜੀ ਭਾਰੀ ਭੀੜ



